Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशWCR : गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस का शिकंजा, टीटीई सस्पेंड

WCR : गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस का शिकंजा, टीटीई सस्पेंड

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) की विजिलेंस टीम ने सोमवार सुबह जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हजरत निजामुद्दीन से चलकर पहुंची गोंडवाना एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे तीन टीटीई को जांच के दौरान पकड़ा। ट्रेन से उतरने के बाद तीनों टीटीई के पास मौजूद नकदी की जांच और मिलान किया गया, जिसमें उनके पास निर्धारित राशि से करीब 46,300 रुपये अधिक पाए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के निर्देश पर तीनों टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और अतिरिक्त नकदी के स्रोत की पड़ताल की जा रही है। यह कार्रवाई रेलवे में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

बताया जाता है कि ट्रेन क्रमांक 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर अथवा वातानुकूलित कोच में तीन टीटीई कर्मचारी क्रमश: मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार व अनिकेश कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। ये तीनों टीटीई गोंडवाना एक्सप्रेस लेकर जबलपुर आ रहे थे। बताया जाता है कि किसी यात्री द्वारा विजिलेंस टीम को मोबाइल फोन पर यह सूचना मिली की ट्रेन में सवार टीटीई द्वारा यात्रियों से अवैध वसूली की जा रही है.

सूचना मिलने के पश्चात जबलपुर स्टेशन पर घात लगाए हुए बैठे विजिलेंस टीम के सदस्यों ने जैसे ही सुबह 10 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस प्लेटफार्म पर पहुुंची कि विजिलेंस टीम ने तीनों टीटीई को घेर लिया और जब उनके पास रखे हुए कैश का मिलान किया गया तो टीटीई द्वारा ट्रेन में सवार होने से पहले जो कैश का डिक्लियरेशन किया गया था उससे अधिक राशि प्राप्त हुई।

जिस पर विजिलेंस ने केस बनाते हुए पूरा मामला जबलपुर रेल मण्डल के सीनियर डीसीएम डॉ.मुधर वर्मा को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया है। बताया जाता है कि पकड़े गए टीटीई कर्मचारियों के पास कुंदन कुमार से 32000/-रुपये, अनिकेश कुमार से 14000/-रुपये व मनोज कुशवाहा के पास से 300/-रुपये विजिलेंस ने बरामद किये हैं।

इनका कहना

– विजिलेंस ने तीन टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की है. विजिलेंस विभाग से अभी उन्हें जानकारी नहीं मिली है, किंतु जैसे ही उन्हें घटनाक्रम के बारे में पता चला उन्होंने तीनों टीटीई को सस्पेंड कर दिया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Latest News