MP Weather : मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और तेजी से पूरे प्रदेश में फैल रहा है। मौसम केंद्र भोपाल के ताजा बुलेटिन के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल इंदौर और मंडला से होकर गुजर रही है तथा अगले 3 से 4 दिनों में इसके पूरे राज्य को कवर करने की संभावना है।
मानसून के प्रभाव से 29 जून को प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। तेज झंझावात, वज्रपात (बिजली गिरने) और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
MP Weather : आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 जून को प्रदेश के अधिकांश और अनेक हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. डिंडोरी, बालाघाट और छिंदवाड़ा जिलों में मौसम विभाग ने ‘भारी वर्षा’ के साथ-साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल और चंबल संभाग के लगभग सभी जिलों (जैसे विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढूर्णा) में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की गति से धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. राजधानी भोपाल और उसके आसपास के इलाकों में भी आंशिक मेघमय स्थिति रहेगी और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.











