Homeमध्य प्रदेशSolar Rooftop Scheme लागू, हजारों को मिलेगा लाभ; हरित ऊर्जा अभियान को...

Solar Rooftop Scheme लागू, हजारों को मिलेगा लाभ; हरित ऊर्जा अभियान को मिलेगी नई गति

Solar Rooftop Scheme : जबलपुर, 3 जुलाई। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) ने अपने कार्मिकों के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल करते हुए सोलर रूफटॉप प्लांट योजना लागू कर दी है।
Solar Rooftop Scheme : मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग के निर्देशों के अनुरूप जारी इस योजना से कंपनी के सभी नियमित कार्मिकों को अपने आवास पर सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराने की सुविधा मिलेगी। कंपनी के इस निर्णय को कार्मिकों के कल्याण के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

सरल प्रक्रिया और सर्वाधिक लाभ-योजना लागू होने के बाद कार्मिकों में उत्साह का माहौल है। अब इच्छुक कार्मिक प्रदेश की संबंधित विद्युत वितरण कंपनी (डिस्कॉम) की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और सूचीबद्ध विक्रेताओं में से अपनी पसंद के विक्रेता का चयन कर सोलर प्लांट स्थापित करा सकेंगे।

पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक कार्मिक इसका लाभ उठा सकें। इस योजना के तहत 3 किलोवाट तक की क्षमता वाले सोलर रूफटॉप प्लांट की स्थापना के लिए विद्युत वितरण कंपनी पात्रता के अनुसार निर्धारित राशि का 50 प्रतिशत सीधे चयनित विक्रेता को देगी।

शेष राशि संयंत्र की सफल स्थापना एवं आवश्यक प्रमाणन के बाद जारी की जाएगी। इससे कार्मिकों पर एकमुश्त वित्तीय भार कम होगा और सौर ऊर्जा अपनाने की प्रक्रिया आसान बनेगी।

कल्याणकारी पहल नहीं, बल्कि जनआंदोलन का प्रयास है-कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्मिकों को इस योजना से जोड़ना केवल एक कल्याणकारी पहल नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के जनआंदोलन को गति देने का प्रयास है।

कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन दीपक कश्यप ने कार्मिकों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि देश तेजी से स्वच्छ ऊर्जा आधारित भविष्य की ओर बढ़ रहा है और कंपनी परिवार को भी इस परिवर्तन का सक्रिय भागीदार बनना है।

उन्होंने कहा कि परिवर्तन की शुरुआत अपने घर से होनी चाहिए और कंपनी इसी सोच के साथ अपने कार्मिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

Related Articles

Latest News