Taxi Fare Fixed : जबलपुर. डुमना विमानतल से आने-जाने वाले हवाई यात्रियों को अब टैक्सी किराए में मनमानी से राहत मिलेगी। टैक्सी चालकों द्वारा अधिक किराया वसूले जाने की लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने आधिकारिक किराया सूची जारी कर नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब एयरपोर्ट से विभिन्न गंतव्यों तक यात्रा के लिए तय किराया ही लिया जाएगा।
यदि कोई टैक्सी चालक निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस फैसले से यात्रियों को पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Taxi Fare Fixed : क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रिंकू शर्मा ने बताया कि डुमना विमानतल से संचालित टैक्सियों के लिए दूरी और समय के आधार पर किराया तय कर दिया गया है. जारी सूची के अनुसार 1 से 10 किलोमीटर तक की यात्रा का किराया 500 रुपये, 11 से 15 किलोमीटर के लिए 700 रुपये, 16 से 20 किलोमीटर के लिए 800 रुपये तथा 21 से 25 किलोमीटर की दूरी के लिए 1000 रुपये निर्धारित किया गया है.
इसके अलावा समय आधारित बुकिंग में 4 घंटे अथवा 40 किलोमीटर तक के लिए 1200 रुपये, 6 घंटे अथवा 60 किलोमीटर तक के लिए 1500 रुपये और 8 घंटे अथवा 80 किलोमीटर तक के लिए 1800 रुपये तय किए गए हैं.
प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से यात्रियों की ओर से एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों द्वारा तय दरों से अधिक किराया मांगने और विवाद की शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को पारदर्शी और निर्धारित दरों पर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके.
आरटीओ रिंकू शर्मा ने स्पष्ट किया है कि कोई भी टैक्सी चालक निर्धारित किराया सूची से अधिक राशि वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का मानना है कि नई किराया व्यवस्था लागू होने से एयरपोर्ट परिसर में टैक्सी संचालन अधिक व्यवस्थित होगा, यात्रियों का शोषण रुकेगा और अनावश्यक विवादों पर भी अंकुश लगेगा. जिला प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित किराया सूची की जानकारी लें और अधिक किराया मांगे जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल शिकायत दर्ज कराएं.











