Rashmika Mandanna : अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपनी आगामी पैन इंडिया फिल्म ‘मायसा (Mysaa)’ के लिए भारत का पहला महिला-केंद्रित अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस शूट कर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि भारतीय सिनेमा में पहली बार किसी अभिनेत्री ने इतने बड़े स्तर का पानी के भीतर एक्शन सीक्वेंस खुद फिल्माया है। सबसे खास बात यह रही कि रश्मिका ने इस चुनौतीपूर्ण स्टंट को बिना किसी एक्शन डबल की मदद के पूरा किया, जिससे उनके समर्पण और दमदार एक्शन अवतार की हर तरफ चर्चा हो रही है।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म की एक झलक और शूटिंग के बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) तस्वीरें साझा करते हुए इस उपलब्धि की जानकारी दी. पोस्ट में लिखा गया कि भारतीय सिनेमा की यह पहली महिला-नेतृत्व वाली अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस है. साथ ही दर्शकों से एक ऐसे रोमांचक और दमदार संघर्ष को देखने के लिए तैयार रहने को कहा गया, जो अब तक भारतीय फिल्मों में नहीं देखा गया है.
निर्माताओं के अनुसार इस सीक्वेंस की शूटिंग दो दिनों में पूरी की गई, जिसके दौरान रश्मिका मंदाना ने लगभग 20 घंटे पानी के भीतर रहकर कठिन एक्शन दृश्य फिल्माए. लंबे समय तक पानी के भीतर शूटिंग करना तकनीकी और शारीरिक दोनों दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है. इसके बावजूद अभिनेत्री ने बिना स्टंट डबल के सभी प्रमुख दृश्य स्वयं निभाए.
रश्मिका मंदाना ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से इस अनुभव को साझा किया. उन्होंने इसे अपने अब तक के करियर की सबसे कठिन चुनौती बताते हुए लिखा कि पिछले कुछ समय से वह सार्वजनिक रूप से कम नजर आ रही थीं क्योंकि पूरी टीम इसी परियोजना में व्यस्त थी. उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा, लेकिन इसी चुनौती ने उन्हें सबसे अधिक उत्साहित भी किया है. उन्होंने फिल्म के प्रति अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट के लिए असाधारण मेहनत की है.
निर्माताओं ने यह भी जानकारी दी कि अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस की शूटिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही फिल्म के टीजर की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और जानकारी के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है.
‘मायसा’ का निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है, जबकि इसका निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है. फिल्म को आदिवासी अंचल की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है. यह रश्मिका मंदाना के करियर की पहली महिला-केंद्रित पैन इंडिया एक्शन फिल्म है. फिल्म वर्ष 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और दर्शकों को इसमें एक अलग तरह का एक्शन और दमदार कहानी देखने को मिलेगी.











