MP Weather : मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होकर गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में मानसून दोबारा जोर पकड़ेगा, जिससे कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
MP Weather : कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली का खतरा –
मौसम विभाग ने 16 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है. इस दौरान सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में कुछ स्थानों पर मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, उमरिया, सतना, छिंदवाड़ा, सिवनी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है.
थोड़ा गरम थोड़ा ठंडा मौसम का मिजाज –
भोपाल में रहेगा उमस भरा मौसम
राजधानी भोपाल में पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जिसके कारण हवा में उमस काफी बढ़ गई है. यहाँ अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक यानी 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, 16 जुलाई को भोपाल और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान है. इस दौरान 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं और तापमान 33 डिग्री सेल्सियस (अधिकतम) से 25 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) के आसपास बना रहेगा.











