Tuesday, July 21, 2026
Homeखास खबरParliament Session शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा, पेपर लीक और चढ़ावा...

Parliament Session शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा, पेपर लीक और चढ़ावा चोरी पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने

Parliament Session : संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। नीट पेपर लीक और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने सरकार को घेरते हुए जमकर नारेबाजी की। विपक्ष ने इन समेत कई राष्ट्रीय मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग की, जबकि सत्ता पक्ष ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के चलते सदन का माहौल काफी गरमा गया।

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से उठकर सदन के मध्य भाग में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे. कुछ सांसदों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए स्पीकर से हस्तक्षेप की अपील की. लगातार हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और नियमों के तहत अपनी बात रखने का आग्रह किया.

स्पीकर ने कहा कि संसद संवाद और सार्थक चर्चा का मंच है तथा सभी सदस्यों को नियमानुसार अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा. उन्होंने तख्तियां दिखाने और नारेबाजी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इससे संसदीय परंपराओं को नुकसान पहुंचता है. शोर-शराबा जारी रहने पर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.

उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष ने प्रदर्शनकारियों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा. उनके बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई.

Related Articles

Latest News