Friday, July 31, 2026
Homeराष्ट्रीयDatia Election : दतिया में कांग्रेस का जीत का दावा, घनश्याम सिंह...

Datia Election : दतिया में कांग्रेस का जीत का दावा, घनश्याम सिंह बोले- सारे रिकॉर्ड टूटेंगे

Datia Election : दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के बीच कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया। दाल मिल मार्केटिंग सोसायटी स्थित मतदान केंद्र क्रमांक-185 पर वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार दतिया में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और सभी पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे। घनश्याम सिंह ने कहा, “मुझे 100 प्रतिशत भरोसा है कि दतिया विधानसभा में इस बार कांग्रेस रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी।” साथ ही उन्होंने बीजेपी सरकार पर मतदान के दौरान माहौल बिगाड़ने और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी कराने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।
घनश्याम सिंह का BJP पर हमला

कांग्रेस प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के दौरान गड़बड़ी कराने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता पूरी तरह कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब जनता एक बार फैसला कर लेती है तो कोई भी बड़ी गड़बड़ी चुनाव के नतीजों को प्रभावित नहीं कर सकती। अगर कहीं कोई छोटी-मोटी गड़बड़ी होती भी है तो उसका असर बहुत सीमित रहेगा। उन्होंने दावा किया कि मतदान से एक रात पहले कई जगहों से पैसे और शराब बांटने की शिकायतें मिली थीं। उनके अनुसार, इन शिकायतों की जानकारी लगातार प्रशासन को दी गई और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी रात सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने ऐसे लोगों को वहां से भगा भी दिया।

घनश्याम सिंह कि मतदाताओं से अपील

बसई के एक मतदान केंद्र पर उनके पोलिंग एजेंट को बैठने से रोके जाने की खबर पर घनश्याम सिंह ने कहा कि यह केवल तकनीकी मामला है। उन्होंने बताया कि उनका पोलिंग एजेंट सुबह 7 बजे के बाद मतदान केंद्र क्रमांक-169 पर पहुंचा था, इसलिए पीठासीन अधिकारी उसे एजेंट के रूप में बैठाने से मना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से बात करेंगे और मामला जल्द सुलझ जाएगा। मतदाताओं से अपील करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि सभी लोग बड़ी संख्या में मतदान करें। कांग्रेस के पक्ष में वोट दें और बीजेपी सरकार के अहंकार को खत्म करने में सहयोग करें।

जीतू पटवारी के समर्थन में घनश्याम सिंह

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों का समर्थन करते हुए बीजेपी पर चुनावी माहौल प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार का पूरा मंत्रिमंडल दतिया में डेरा डाले हुए था और बाहर से भी कई लोगों को बुलाया गया। घनश्याम सिंह के अनुसार, कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता 28 जुलाई की शाम को ही दतिया छोड़ चुके थे, लेकिन जिले की सीमाओं पर अब भी कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बाहरी बीजेपी नेताओं को नहीं हटाया गया, तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी दतिया पहुंचकर मोर्चा संभालेंगे।

घनश्याम सिंह ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

दतिया विधानसभा के 18 संवेदनशील मतदान केंद्रों को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर भी घनश्याम सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बाहर से गुंडों और असामाजिक तत्वों को बुलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि जनता भी जागरूक है। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसी कोशिश करेगा तो पूरा गांव उसके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। अपने ऊपर लगाए जा रहे ‘बाहरी उम्मीदवार’ होने के आरोपों का भी उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मुझे बाहरी बताया जा रहा है, जबकि दतिया में मेरा भी किला है और सेवढ़ा में भी मेरा किला है।’

दतिया उपचुनाव में दलों ने एक-दूसरे पर की आरोपों की बरसात –

वहीं बीजेपी प्रत्याशी अशुतोष तिवारी ने दावा किया कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और क्षेत्र की समग्र प्रगति के लिए बीजेपी के पक्ष में मतदान कर रही है। अशुतोष तिवारी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘जीतू पटवारी अब राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो चुके हैं, जो नेता खुद 35 हजार वोटों से चुनाव हार चुका है। वही आज कांग्रेस का नेतृत्व कर रहा है।’ दतिया उपचुनाव के दौरान दोनों प्रमुख दलों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं, जहां कांग्रेस ने चुनाव में गड़बड़ी, पैसे और शराब बांटने तथा बाहरी लोगों को बुलाने के आरोप लगाए हैं। वहीं बीजेपी ने विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता का समर्थन मिलने का दावा किया है। अब सभी की नजर मतदान के नतीजों पर टिकी है।

Related Articles

Latest News