Madhya Pradesh :मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त के लिए नया मौसम अपडेट जारी करते हुए प्रदेशवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि आप सोमवार को दफ्तर, बाजार या किसी अन्य काम से घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम का ताजा हाल जरूर जान लें। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 4 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी।
कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने की आशंका और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, धूप-छांव का दौर जारी रहने और दोपहर से शाम के बीच कई इलाकों में तेज बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
MP के अलग-अलग इलाकों में मौसम का हाल कुछ इस प्रकार रहेगा:
राजधानी भोपाल और आसपास के इलाकों में 4 अगस्त को अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की संभावना है. सुबह से आसमान में हल्के से मध्यम बादल रहेंगे. दोपहर या शाम ढलते-ढलते गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। विदिशा और सीहोर में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट रखा है.
पूर्वी मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड और विंध्य अंचल में बादलों की आवाजाही तेज़ रहेगी.
छतरपुर और सतना जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां बिजली चमकने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी. रीवा संभाग में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश और राजस्थान से सटे उत्तरी जिलों में तापमान में हल्की नरमी रहेगी. गुना और मुरैना समेत चंबल अंचल के जिलों में 4 अगस्त को बारिश की संभावना जताई गई है। दिन में हल्की उमस के बाद शाम के वक्त गर्जना के साथ बौछारें गिर सकती हैं.











