Lock Upp 2 : कंटेंट क्रिएटर, एक्ट्रेस और रियलिटी शो स्टार श्रेया कालरा ने ‘लॉक अप 2‘ का खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के बाद वह पहली बार इंस्टाग्राम लाइव पर नजर आईं, जहां उन्होंने दोस्तों और परिवार के साथ इस खास पल का जश्न मनाया। श्रेया ने अपनी जीत उन दोस्तों को समर्पित की, जिन्होंने पूरे शो के दौरान हर मुश्किल घड़ी में उनका साथ दिया। इस दौरान वह भावुक भी हो गईं और अपने संघर्ष को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग उन्हें लगातार नीचा दिखाते थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया।
श्रेया कालरा ने दोस्तों को समर्पित की विनिंग
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान श्रेया कालरा अपनी जीत का जश्न दोस्तों और परिवार के साथ मनाती नजर आईं। विनर घोषित होते ही उनके दोस्तों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने जोरदार चीयरिंग शुरू कर दी। वहीं, उनके बॉयफ्रेंड और एक्टर ऋषभ जायसवाल ने ट्रॉफी थामे श्रेया को खुशी से अपने कंधों पर उठा लिया। इस भावुक पल में उनकी मां भी बेटी को ट्रॉफी उठाते देख भावुक हो गईं।
श्रेया ने फिनाले में शिवांगी जोशी को हराकर ‘लॉक अप 2’ की ट्रॉफी अपने नाम की और 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी जीती। उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक जीत उन दोस्तों को समर्पित की, जिन्होंने पूरे शो के दौरान उनका साथ निभाया और बाहर उनके गेमप्ले को लेकर हो रही आलोचनाओं के बीच मजबूती से उनका समर्थन किया।
ट्रॉफी के साथ मिले 1 करोड़ रुपये
बुधवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुए ‘लॉक अप 2‘ के ग्रैंड फिनाले में रोमांच अपने चरम पर रहा। टॉप-5 कंटेस्टेंट्स को तीन कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले फिजिकल टास्क में राम कपूर शो से बाहर हो गए, जबकि इसके बाद हुए ‘ब्लफ मास्टर’ राउंड में शिल्पा शिंदे का सफर भी समाप्त हो गया। आखिरकार फाइनल मुकाबले में श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी और योगेश रावत को पछाड़ते हुए ‘लॉक अप सीजन 2‘ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के साथ उन्हें विजेता ट्रॉफी के अलावा 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी मिली।
लॉक अप 2 विनर श्रेया कालरा कौन हैं
श्रेया कालरा एक मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर, मॉडल, एक्ट्रेस और रियलिटी टीवी स्टार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टिकटॉक से की थी, जहां उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। भारत में टिकटॉक बैन होने के बाद श्रेया ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर शानदार वापसी करते हुए लाखों फॉलोअर्स का मजबूत फैनबेस तैयार किया। 14 जनवरी 1997 को जन्मीं और मध्य प्रदेश के इंदौर में पली-बढ़ीं श्रेया ने MBA की पढ़ाई की है। डांस, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट से जुड़े कंटेंट के दम पर उन्होंने डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई और अब ‘लॉक अप 2’ का खिताब जीतकर अपनी सफलता में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली।









