Monday, August 31, 2026
Homeमध्य प्रदेशRailway : 14 अक्टूबर तक फरीदाबाद में नहीं रुकेगी जबलपुर-कटरा एक्सप्रेस, जानें...

Railway : 14 अक्टूबर तक फरीदाबाद में नहीं रुकेगी जबलपुर-कटरा एक्सप्रेस, जानें वजह!

जबलपुर। उत्तर रेलवे के हजरत निजामुद्दीन–पलवल रेलखंड के फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 45 दिनों का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनों के परिचालन और ठहराव में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसी क्रम में जबलपुर-कटरा-जबलपुर एक्सप्रेस का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव 14 अक्टूबर तक स्थगित रहेगा। यात्रियों को इस अवधि में यात्रा से पहले ट्रेन के ठहराव और परिचालन की जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।

सात ट्रिप में ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेगी

पश्चिम मध्य रेल से संचालित गाड़ी संख्या 11450 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–जबलपुर एक्सप्रेस का फरीदाबाद स्टेशन पर निर्धारित ठहराव भी प्रभावित रहेगा. 31 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित सात-सात ट्रिप में ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेगी.

सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में बढ़ाए स्लीपर कोच

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने सोगरिया (कोटा)-दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी का एक कोच स्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है. इसके लिए एक थर्ड एसी इकॉनमी कोच को हटाकर उसकी जगह शयनयान श्रेणी का कोच लगाया जाएगा.

नए कोच संयोजन के बाद दोनों ट्रेनों में कुल 22 कोच रहेंगे

गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में यह बदलाव 2 नवंबर 2026 से और गाड़ी संख्या 19802 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर से प्रभावी होगा. नए कोच संयोजन के बाद दोनों ट्रेनों में कुल 22 कोच रहेंगे. इनमें दो सेकंड एसी, दो थर्ड एसी, छह थर्ड एसी इकॉनमी, छह शयनयान, चार सामान्य श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे.

Related Articles

Latest News