स्मार्टबैंड, फिटनेस ट्रैकर और स्मार्टवॉच अब धीरे-धीरे हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। कुछ समय पहले तक इस सेगमेंट में गिने-चुने ब्रांड ही अपने डिवाइस लॉन्च करते थे, लेकिन अब बाजार में स्मार्ट वियरेबल्स की भरमार हो गई है। कई कंपनियां बेहद कम कीमत में स्मार्टबैंड, फिटनेस बैंड और स्मार्टवॉच पेश कर रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सस्ते स्मार्ट वियरेबल्स वाकई भरोसेमंद और सटीक तरीके से काम करते हैं? कहीं कम कीमत के लालच में आप ऐसा डिवाइस तो नहीं खरीद रहे, जो जरूरी फीचर्स और सटीकता के मामले में उम्मीदों पर खरा न उतरे? सही स्मार्ट वियरेबल चुनने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। यहां हम आपको उन्हीं महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से एक बेहतर और उपयोगी स्मार्ट वियरेबल चुन सकते हैं।
सही स्मार्टवॉच या स्मार्टबैंड का चयन कैसे करें –
फिटनेस बैंड, स्मार्टवॉच या स्मार्टबैंड खरीदने का मुख्य मकसद अक्सर हेल्थ और फिटनेस को ट्रैक करना होता है। आज के स्मार्ट वियरेबल्स में हार्ट रेट मॉनिटरिंग, ब्लड प्रेशर, SpO2 लेवल, स्लीप ट्रैकिंग, स्ट्रेस मॉनिटरिंग और मेन्स्ट्रुअल साइकल ट्रैकिंग जैसे कई हेल्थ फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, कम कीमत वाले कुछ वियरेबल्स में सेंसर और सॉफ्टवेयर की गुणवत्ता सीमित होने के कारण रीडिंग्स की सटीकता पर सवाल उठ सकते हैं। इसलिए कोई भी स्मार्टवॉच, स्मार्टबैंड या फिटनेस ट्रैकर खरीदने से पहले केवल कीमत और फीचर्स की लंबी लिस्ट पर ध्यान न दें, बल्कि सेंसर की गुणवत्ता, ट्रैकिंग की सटीकता, ब्रांड की विश्वसनीयता और रियल-वर्ल्ड रिव्यू जैसी जरूरी बातों को भी जरूर जांच लें।
एक्यूरेसी
किसी स्मार्टबैंड, फिटनेस वियरेबल का फायदा तभी होता है जब वह सटीक मॉनिटरिंग करता हो। इसके लिए प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन को जरूर चेक करें कि वह कितने प्रतिशत सटीक ट्रैकिंग कर सकता है। इसके लिए आप उस प्रोडक्ट के यूजर रिव्यू भी चेक कर सकते हैं। रिव्यूज को विस्तार से पढ़ें और जानें कि यह एक्यूरेसी के मापदंड पर कितना खरा उतरता है।
सब्सक्रिप्शन
कई कंपनियों के फिटनेस वियरेबल हेल्थ ट्रैकिंग के लिए सब्सक्रिप्शन बेस्ड होते हैं। अगर आपने सस्ते के चक्कर में ऐसा फिटनेस वियरेबल खरीद लिया जो बिना पैसे के ट्रैकिंग डेटा नहीं उपलब्ध करवाता है तो आपको नुकसान हो सकता है। इसलिए खरीदने से पहले चेक करें तो कहीं इसमें सब्सक्रिप्शन वाला फंडा तो नहीं है!
सेंसर
किसी भी फिटनेस ट्रैकर का काम उसके सेंसर्स पर निर्भर करता है। बढ़िया सेंसर वाले फिटनेस वियरेबल ज्यादा सटीक ट्रैकिंग करते हैं और सही आंकड़े दिखा सकते हैं। इसके उलट घटिया सेंसर वाले फिटनेस वियरेबल खरीदने का काई फायदा नहीं होता है क्योंकि उनसे आपको सही आंकड़े नहीं मिल सकते हैं। इसलिए खरीदने से पहले सेंसर्स के बारे में जरूर जानकारी जुटा लें।
डेटा केल्कुलेशन
किसी भी फिटनेस ट्रैकर, या स्मार्ट वियरेबल को खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि डिवाइस में डेटा कैसे जेनरेट होता है। फिटनेस ट्रैकर आपके स्टेप्स, कैलोरी, और दिनभर की मेहनत को फिटनेस ऐप्स के माध्यम से, या स्मार्टफोन के माध्यम से कैल्कुलेट करते हैं। इसमें सेंसर, यूजर का निजी डेटा और गणित के फॉर्मूलों का इस्तेमाल किया जाता है। कई बार सुनने में आता है कि सस्ते फिटनेस वियरेबल कैलोरी और फिटनेस का अनुमान आबादी के औसत और व्यक्तिगत जानकारी के आधार पर लगा लेते हैं। इनमें सटीक और सीधे माप शामिल नहीं होते। इसलिए यह जरूर चेक कर लें कि आप जो फिटनेस ट्रैकर खरीद रहे हैं उसमें डेटा केल्कुलेशन का आधार क्या है।
इस तरह उपरोक्त सभी बातों को ध्यान में रखते हैं तो आप अपने लिए एक बढ़िया और उपयोगी स्मार्ट वियरेबल खरीद सकते हैं। इसके लिए स्वतंत्र रिव्यू भी बहुत मददगार साबित हो सकते हैं। इसलिए फिटनेस वियरेबल खरीदते समय उसकी कीमत की बजाए उसके सेंसर्स, काम करने की प्रणाली को चेक करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।








