Sunday, September 6, 2026
Homeराष्ट्रीयRailway : महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, 2 कोच पटरी से उतरे; स्टेशन मास्टर...

Railway : महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, 2 कोच पटरी से उतरे; स्टेशन मास्टर सस्पेंड

बिहार के आरा में रविवार सुबह करीब 4 बजे बड़ा रेल हादसा टल गया। अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस के एक जनरल और एक AC कोच पटरी से उतर गए। यह हादसा पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर हुआ, जिसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों और रेलवे स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बहाली का काम शुरू किया।

हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के करीब साढ़े तीन घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया, जबकि पटरी से उतरे कोचों की मरम्मत और उन्हें हटाने का काम जारी रहा। मामले में आरा स्टेशन मैनेजर एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया है। महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से दिल्ली-हावड़ा रेल रूट प्रभावित हुआ और वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा।

दिल्ली की जगह सासाराम लाइन पर गई ट्रेन

जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4:12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी. यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था. बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया. इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई. 2 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि रेलवे की ओर महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. रेलवे अधिकारियों की ओर से तकनीकी जांच की जा रही है.

रेड सिग्नल पर गाड़ी आगे बढ़ी: सस्पेंड स्टेशन मास्टर

घटना के बाद सस्पेंड होने वाले स्टेशन प्रबंधक एनके राय ने बताया कि सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर मुझे ट्रेन के डिरेल होने की सूचना मिली थी. मैं तुरंत घर से गाड़ी रिजर्व कर 10 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंच गया. घटनास्थल पर मैंने देखा कि एसएलआर और दूसरी एच-1 बोगी डिरेल हुई है. उन्होंने बताया कि दोनों बोगियों के दो-दो पहिए पटरी से उतरे थे. इसके बाद हम लोगों ने अधिकारियों से बात कर जानकारी दी. इसके बाद अनाउंस करके ट्रेन के यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर बैठा दिया गया. इसके बाद प्रोसेस के तहत दूसरे इंजन से ट्रेन के डिरेल बोगी को छोड़ गाड़ी को रिवर्स कर दूसरी तरफ लाया गया.

इसके बाद अनाउंस कर प्लेटफॉर्म नंबर चार पर मौजूद यात्रियों को दोबारा ट्रेन में सीट दिलाई गई और ट्रेन को रवाना किया गया. उन्होंने बताया कि हादसे की वजह गलत सिग्नल मिलना था. उन्होंने कहा कि इस मामले में गलती किसकी है, ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा.

Related Articles

Latest News