Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशMP में एक्सप्रेस-वे का जाल, बनेंगे 6 नए हाईवे; मुंबई तक 8...

MP में एक्सप्रेस-वे का जाल, बनेंगे 6 नए हाईवे; मुंबई तक 8 लेन सड़क का ऐलान

भोपाल. मध्य प्रदेश को मुंबई से जोड़ने 8 लेन चौड़ी सड़क बनकर तैयार हो गई है. इसके साथ प्रदेश में 6 एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे. सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बड़ा ऐलान किया. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी इस मौके पर मौजूद थे. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर के शराब कांड में सख्त कार्रवाई की बात भी दोहराई. उन्होंने कहा कि कल आरोपियों के आशियाने तोड़े गए थे जबकि आज एक आरोपी का एनकाउंटर हुआ है.

सीएम मोहन यादव ने कहा कि हम प्रदेश में हर साल एक लाख नौकरियां देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि ढाई लाख पदों पर पदोन्नतियां होंगी, जिसमें लगभग एक लाख पदोन्नतियां हो गई हैं. मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को पूरे देश में सबसे तेज गति से निवेश लाने वाला राज्य बताया. उन्होंने कहा कि हमने देश के साथ ही विदेश में भी निवेशकों का दिल जीता है.

उन्होंने कहा- प्रदेश में निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. लगभग 15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव अब तक धरातल पर उतर चुके हैं. सीएम मोहन यादव ने कहा कि जहां ढाई साल पहले प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता 25000 मेगावाट थी, वहीं आज 7000 मेगावाट की वृद्धि के साथ यह 32000 मेगावाट हो गई है.

एमपी-पीथमपुर-मुंबई -8- लेन-एक्सप्रेस-वे

सीएम मोहन यादव ने कहा कि पीथमपुर से मुंबई तक 8 लेन एक्सप्रेस-वे तैयार हो चुका है. उन्होंने प्रदेश में नए 6 एक्सप्रेस वे बनाने का भी ऐलान किया. प्रेस वार्ता में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी के सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा. सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन, कार्यों और सेवा गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा. इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में हुए परिवर्तनों की भी जानकारी देंगे.

68 हजार बूथों पर मनाएंगे दीपोत्सव

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में 68 हजार बूथों पर दीपोत्सव मनाएंगे. शाम 7 बजे लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप जलाएंगे. अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव होगा. स्कूलों में मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम आयोजित होगा. इसमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी.

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद एवं जनसंपर्क समेत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा का संकल्प लेकर पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, जीवन का ध्येय है और यही भाव इस अभियान की आत्मा बनेगा.

Related Articles

Latest News