Sunday, September 13, 2026
Homeराष्ट्रीयइंडोनेशिया में बड़ा हादसा : 240 यात्रियों वाला जहाज गायब, भारतीयों की...

इंडोनेशिया में बड़ा हादसा : 240 यात्रियों वाला जहाज गायब, भारतीयों की भी तलाश

नई दिल्ली. इंडोनेशिया में रविवार को करीब 240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता हो गया. जहाज पूर्वी जावा के सुरबाया से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन जा रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब होने के बाद जहाज से संपर्क टूट गया. बताया जा रहा है कि इस जहाज में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.

अधिकारियों के अनुसार, वार्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के जहाज में तकनीकी खराबी के कारण कम्यूनिकेशन सिस्टम बंद होने की जानकारी मिली थी. जहाज के ऑपरेटर ने बताया कि समुद्र में मौसम खराब होने के बाद संपर्क टूट गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बचाव एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.

लास्ट लोकेशन तट से 148 किलोमीटर दूर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन के तट से करीब 148 किलोमीटर दूर दर्ज की गई थी. अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी यात्री के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं मिली है. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता जहाज का पता लगाना और उसमें सवार लोगों तक पहुंचना है.

संपर्क टूटने पर समुद्र में भेजी गईं बचाव टीमें

बंजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के ऑपरेशन्स चीफ अरियांतो अर्दी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि बचाव कर्मियों और जहाजों को तुरंत उस समुद्री क्षेत्र में भेजा गया है, जहां पोत की आखिरी लोकेशन मिली थी. अधिकारियों ने तलाशी अभियान को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए त्रिशक्ति में एक ऑपरेशन्स पोस्ट भी बनाया है. समुद्र में बचाव दल लगातार लापता जहाज की तलाश कर रहे हैं.

Related Articles

Latest News