जबलपुर. दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पुणे–गोरखपुर और मुंबई सीएसएमटी–गोरखपुर के बीच दो जोड़ी दैनिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनें पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी और भोपाल स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे महाराष्ट्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।
पुणे–गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक पुणे से तथा 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक गोरखपुर से संचालित होगी और कुल 44 फेरे लगाएगी। पुणे से यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे रवाना होकर रात 9:10 बजे इटारसी और रात 11:15 बजे भोपाल पहुंचेगी, जबकि अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से शाम 5:30 बजे रवाना होकर ट्रेन अगले दिन सुबह 10:05 बजे भोपाल और दोपहर 12:10 बजे इटारसी पहुंचेगी तथा अगले दिन सुबह 3:30 बजे पुणे पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे, जिनमें 6 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 थर्ड एसी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
इसी तरह मुंबई सीएसएमटी–गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर से 20 नवंबर तक मुंबई से तथा 11 अक्टूबर से 22 नवंबर तक गोरखपुर से चलेगी और कुल 43 फेरे लगाएगी। मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:05 बजे इटारसी और 3:55 बजे भोपाल पहुंचेगी तथा अगले दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे चलकर ट्रेन अगले दिन सुबह 6:30 बजे भोपाल और 8:40 बजे इटारसी पहुंचेगी तथा रात 12:40 बजे मुंबई सीएसएमटी पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच होंगे, जिनमें 12 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 थर्ड एसी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की परिचालन स्थिति और समय की जानकारी रेलवन, रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस से अवश्य प्राप्त कर लें।








