एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. शुक्रवार को नागोया के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन भारत ने मेजबान जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी. पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, जहाँ पहले गेंदबाजों ने जापानी बल्लेबाजों को बांधे रखा और फिर बल्लेबाजों ने महज 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की.
चरणी की फिरकी में उलझा जापान टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा. हालांकि, जापानी ओपनरों ने सतर्क शुरुआत की और पावरप्ले के 6 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 24 रन बनाए. लेकिन इसके बाद स्पिनर चरणी ने मैच का पासा पलट दिया. चरणी ने 7वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर हरूना इवासाकी (10) और जापानी कप्तान माई यानागीडा (0) को पवेलियन भेजकर जापान के बड़े स्कोर बनाने के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
चरणी ने 4 ओवर के अपने कोटे में 2 मेडन ओवर फेंकते हुए महज 10 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. उनके अलावा ऑलराउंडर शेफाली वर्मा ने 2 विकेट चटकाए, जबकि दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल के खाते में 1-1 विकेट आया. जापान के लिए आयाका कातो-स्टाफोर्ड ने सर्वाधिक 25 रन (47 गेंद) बनाए. उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी जापानी टीम 19.5 ओवरों में मात्र 57 रनों पर सिमट गई. शेफाली वर्मा की तूफानी पारी जीत के लिए मिले 58 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के इरादे काफी आक्रामक थे. भारत ने अपनी नियमित ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करते हुए जी कमलिनी को शेफाली वर्मा के साथ भेजा. हालांकि, कमलिनी (0) और तीसरे नंबर पर आई भारती फुलमाली (6) सस्ती में आउट हो गईं.
लेकिन दूसरे छोर पर खड़ी शेफाली वर्मा पर इन विकटों का कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने पहले ओवर से ही बाउंड्री की बरसात शुरू कर दी और जापानी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. शेफाली ने महज 15 गेंदों पर 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 40 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. अंत में ऋचा घोष (नाबाद 12) ने उनका अच्छा साथ दिया और भारत ने 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर 90 गेंद शेष रहते ही जीत हासिल कर ली.
लगातार दूसरे गोल्ड मेडल पर भारत की नजरें भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2023 (हांगझोऊ) की गोल्ड मेडल विजेता है. हाल ही में रिकॉर्ड 8वीं बार विमेंस एशिया कप का खिताब जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली इस टीम का आत्मविश्वास चरम पर है. इस शानदार जीत के बाद भारत का मुकाबला रविवार (20 सितंबर) को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा.
मैच की प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़.
जापान: हरूना इवासाकी, अकारी निशिमोरा कानो (विकेटकीपर), माई यानागीडा (कप्तान), एरिका ओडा, अहिल्या चंदेल, शिमाको कातो, अकाया कातो-स्टेफोर्ड, अयूमी फूजीकावा, हिनासे गोतो, एरिका तोगुची क्विन, नोनोहा यासुमोटो.








