Saturday, September 19, 2026
Homeमध्य प्रदेशमुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने बरमान सब स्टेशन का...

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने बरमान सब स्टेशन का किया निरीक्षण

जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने नरसिंहपुर जिले के 132/33 केवी एमपी ट्रांसको सब स्टेशन, बरमान का निरीक्षण किया। उन्होंने सब स्टेशन की विद्युत व्यवस्था, उपलब्ध क्षमता, उपकरणों के रखरखाव तथा आगामी रबी सीजन को देखते हुए लोड प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान गढ़पाले ने सब स्टेशन में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का अवलोकन किया और उनके रखरखाव एवं मेंटेनेंस की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य अभियंता परीक्षण एम. वाई. मंसूरी से सब स्टेशन के वर्तमान वोल्टेज प्रोफाइल, लोड की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

रबी सीजन में सिंचाई के लिए पर्याप्त वोल्टेज सुनिश्चित करें

गढ़पाले ने निर्देश दिए कि आगामी रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित वोल्टेज पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में सिंचाई भार बढ़ने के कारण विद्युत मांग में वृद्धि होती है, इसलिए सब स्टेशन और उससे जुड़े फीडरों की क्षमता एवं उपलब्धता की पूर्व समीक्षा कर आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि सब स्टेशन में उपलब्ध कैपेसिटर बैंक पूरी क्षमता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित रहें, ताकि विद्युत प्रणाली का वोल्टेज प्रोफाइल बेहतर बना रहे और किसानों को सिंचाई के दौरान वोल्टेज संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

नरसिंहपुर जिले में लोड प्रबंधन की भी की समीक्षा

ऊर्जा सचिव ने 132 केवी बरमान सब स्टेशन से निकलने वाले विभिन्न 132 केवी एवं 33 केवी फीडरों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रबी सीजन के दौरान संभावित बढ़ते विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए नरसिंहपुर जिले में लोड प्रबंधन, फीडरवार विद्युत मांग तथा आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने सब स्टेशन में स्थापित स्काडा प्रणाली तथा ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर के माध्यम से डेटा ट्रांसमिशन एवं संचार व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। मुख्य अभियंता मंसूरी ने उन्हें इन तकनीकों के माध्यम से विद्युत प्रणाली की निगरानी, डेटा संचार और परिचालन व्यवस्था के बारे में अवगत कराया।

उपकरणों के रखरखाव और निगरानी पर जोर-

गढ़पाले ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि रबी सीजन प्रारंभ होने से पहले सभी महत्वपूर्ण विद्युत उपकरणों, ट्रांसफार्मरों, फीडरों एवं सुरक्षा प्रणालियों का आवश्यक परीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोड बढ़ने की स्थिति में किसी भी संभावित व्यवधान को रोकने के लिए अग्रिम तैयारी और सतत निगरानी आवश्यक है।

विशेष गढ़पाले ने एमपी ट्रांसको एवं पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

ये अभियंता रहे उपस्थित-

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता परीक्षण एम. वाई. मंसूरी, कार्यपालन अभियंता टेस्टिंग नरसिंहपुर रमेश सिंह, राजेश कुमार चतुर्वेदी, सहायक अभियंता अनीश अहमद कुरैशी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नरसिंहपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक जसेले सहित अन्य अभ‍ियंता उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest News