जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के बीना स्टेशन पर परिचालन सुगमता, संरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने एवं रेल अवसंरचना के आवश्यक उन्नयन कार्य के दृष्टिगत रेल प्रशासन द्वारा प्रशासनिक व जनहित में यात्री ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी संशोधन किया गया है। इसके अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे परिक्षेत्र से संचालित एवं गुजरने वाली कतिपय रेल सेवाओं को निर्धारित तिथियों में निरस्त, कुछ को परिवर्तित/बायपास मार्ग से संचालित तथा कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक स्टेशनों पर शॉर्ट-टर्मिनेट अथवा शॉर्ट-ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया गया है।
निरस्त रहने वाली यात्री ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बीना–रूठियाई मेमू ट्रेन संख्या 61611 और 61625 तथा रूठियाई–बीना मेमू ट्रेन संख्या 61612 और 61626 को 17 से 25 अक्टूबर 2026 तक निरस्त किया गया है। इस अवधि में चारों ट्रेनों के कुल 9-9 फेरे रद्द रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली ट्रेनें
बीना स्टेशन को बायपास करते हुए फ्लाईओवर मार्ग से चलने वाली गाडिय़ां
बीना स्टेशन पर फ्लाईओवर मार्ग से ट्रेनों के संचालन के चलते अक्टूबर 2026 में कई एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों के मार्ग एवं संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत बांद्रा टर्मिनस–मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर–सूरत, गोरखपुर–ओखा, ओखा–गोरखपुर, अहमदाबाद–दरभंगा, दरभंगा–अहमदाबाद, अहमदाबाद–बनारस सिटी और बनारस सिटी–अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर महादेवखेड़ी–मालखेड़ी–आगासोद अथवा आगासोद–मालखेड़ी–महादेवखेड़ी परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। वहीं, भोपाल–जोधपुर और जोधपुर–भोपाल एक्सप्रेस ट्रेनें 17 से 19 अक्टूबर तक भोपाल–संत हिरदाराम नगर–मक्सी–रूठियाई मार्ग से चलेंगी, जबकि तिरुचिरापल्ली–भगत की कोठी एक्सप्रेस 17 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
इसके अलावा, कई मेमू ट्रेनों को बीना स्टेशन के स्थान पर अन्य स्टेशनों से आंशिक रूप से समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा। ललितपुर–बीना और बीना–ललितपुर मेमू ट्रेनें 18 से 25 अक्टूबर तक आगासोद स्टेशन तक ही संचालित होंगी। कटनी–बीना और बीना–कटनी मेमू ट्रेनों का संचालन निर्धारित तिथियों पर खुरई स्टेशन तक सीमित रहेगा। इसी तरह, कोटा–बीना और बीना–कोटा मेमू ट्रेनों में कुछ सेवाएं महादेवखेड़ी तथा मुंगावली स्टेशन तक सीमित रहेंगी। भोपाल–बीना और बीना–भोपाल मेमू ट्रेनों का संचालन भी निर्धारित तिथियों पर मंडी बामोरा स्टेशन तक सीमित किया गया है।
वहीं, बीना–कटनी मुड़वारा मेमू 19 से 26 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी स्टेशन से सुबह 10:20 बजे फ्लाईओवर मार्ग से प्रारंभ होगी, जबकि कटनी मुड़वारा–बीना मेमू 18 से 25 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी स्टेशन तक विस्तारित रहेगी और वहां रात 12:50 बजे पहुंचेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की तिथि, मार्ग और प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें।








