Homeराष्ट्रीयदेश में जनगणना की तारीखों का ऐलान: 25 जनवरी से 28 फरवरी...

देश में जनगणना की तारीखों का ऐलान: 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी प्रक्रिया, चुनावी राज्यों को छूट

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश की बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय जनगणना की तारीखों का ऐलान कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, देशभर में जनगणना की प्रक्रिया 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक पूरी की जाएगी। हालांकि, प्रशासनिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बर्फीले क्षेत्रों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों को इस समय-सीमा से अलग रखा गया है। भारत में जनगणना का आयोजन जनगणना अधिनियम, 1948 और जनगणना नियम, 1990 के प्रावधानों के तहत किया जाता है।

इस बार की जनगणना में सरकार ने पूछे जाने वाले सवालों की सूची भी पहले ही जारी कर दी है। इसमें लोगों के रोजगार, व्यवसाय, कामगारों की श्रेणी, काम की तलाश, कार्यस्थल तक आने-जाने के साधन और दूरी से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा जन्म स्थान, पूर्व निवास, पलायन का कारण, वर्तमान पते पर रहने की अवधि और स्थायी पते से संबंधित सवाल भी पूछे जाएंगे। महिलाओं से जीवित बच्चों की संख्या और जन्म से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। वहीं, कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों और मोबाइल नंबर के साथ आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी। आधार और अन्य पहचान संबंधी विवरण उपलब्ध होने की स्थिति में लिए जाएंगे।

2021 में होनी थी जनगणना, कोरोना महामारी के कारण टली

देश में पिछली राष्ट्रीय जनगणना वर्ष 2011 में दो चरणों में पूरी की गई थी। इसके बाद अगली जनगणना वर्ष 2021 में प्रस्तावित थी। इसकी योजना के तहत पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2020 और दूसरा चरण फरवरी 2021 में आयोजित किया जाना था। सरकार ने इसके लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी थीं और 1 अप्रैल 2020 से फील्ड वर्क शुरू होना था। हालांकि, इसी दौरान देश में कोविड-19 महामारी फैलने के कारण जनगणना की पूरी प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। अब करीब पांच साल की देरी के बाद सरकार ने वर्ष 2027 में जनगणना कराने की रूपरेखा घोषित की है।

 

Related Articles

Latest News