Homeमध्य प्रदेशरेल यात्रियों को बड़ी सौगात: बिलासपुर-छपरा के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन,...

रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: बिलासपुर-छपरा के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, कटनी-मैहर-सतना में होगा ठहराव

जबलपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिलासपुर-छपरा के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 08255/08256 दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि ट्रेन का ठहराव पश्चिम मध्य रेल के कटनी, मैहर और सतना स्टेशनों पर भी रहेगा।

यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल

गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर (शनिवार) को बिलासपुर से शाम 6 बजे रवाना होगी। अगले दिन रविवार को ट्रेन रात 12:04 बजे कटनी पहुंचेगी और 12:14 बजे रवाना होगी। इसके बाद मैहर में रात 1:02 बजे और सतना में 1:35 बजे पहुंचेगी। सतना से 1:40 बजे रवाना होकर ट्रेन दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर (रविवार) को छपरा से शाम 5:25 बजे प्रस्थान करेगी। सोमवार को ट्रेन सुबह 6:05 बजे सतना, 6:40 बजे मैहर और 7:50 बजे कटनी पहुंचेगी। कटनी से सुबह 8 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया स्टेशनों पर रुकेगी। इससे इन स्टेशनों के यात्रियों को भी त्योहार के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।

21 एलएचबी कोच से चलेगी ट्रेन

पूजा स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कुल 21 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। यात्री ट्रेन के समय, ठहराव और आरक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी रेलवे की हेल्पलाइन 139, एनटीईएस ऐप और वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Latest News