Homeबॉलीवुडदिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर विवाद, 4 गानों पर रोक की मांग;...

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर विवाद, 4 गानों पर रोक की मांग; आयोजकों को नोटिस

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले नया विवाद खड़ा हो गया है. उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत 15 नवंबर को इंदौर के C-21 मॉल में लाइव परफॉर्मेंस प्रस्तावित है. कार्यक्रम से पहले महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजकों को नोटिस जारी कर चार गानों को कॉन्सर्ट में नहीं गाने देने के निर्देश दिए हैं. विभाग का कहना है कि इन गानों में शराब, नशे और हथियारों से जुड़ी सामग्री बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है.

दिलजीत के इन चार गानों पर आपत्ति

जिला बाल संरक्षण अधिकारी की ओर से C-21 मॉल के मैनेजर को भेजे गए पत्र में चार गानों का उल्लेख किया गया है. इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठीके’, ‘जीभ विचों लब्बिया’ और ‘जट्ट उठे फिर करदा’ शामिल हैं.

विभाग ने आयोजकों से इन गानों को कार्यक्रम में प्रस्तुत नहीं करने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है. नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वर्ष 2019 के आदेश का भी हवाला दिया गया है.

शिकायत के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद की गई है. शिकायत में कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों की मौजूदगी और गानों के कंटेंट को लेकर आपत्ति जताई गई थी.

कार्यक्रम में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को प्रवेश देने की अनुमति है. ऐसे में नोटिस में बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और दिलजीत से बुलेट बेल्ट नहीं पहनने की मांग भी शामिल है.

कॉन्सर्ट पर प्रतिबंध नहीं, केवल गानों को लेकर निर्देश

इस पूरे विवाद के बीच यह स्पष्ट है कि दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. कार्यक्रम निर्धारित तारीख के अनुसार आयोजित होना प्रस्तावित है. विभाग की आपत्ति केवल उन गानों और कुछ प्रस्तुति संबंधी गतिविधियों को लेकर है, जिन्हें बच्चों के लिए अनुचित माना गया है.

नोटिस की प्रतियां इंदौर के जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.

दिल्ली कॉन्सर्ट से पहले भी सामने आया था विवाद

दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का पहला बड़ा शो 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ था. इस कार्यक्रम से पहले भी सुरक्षा को लेकर विवाद सामने आया था.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी लिखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई थी.

अब इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले गानों को लेकर उठे विवाद ने दिलजीत के आगामी कार्यक्रम को चर्चा में ला दिया है.

Related Articles

Latest News