मध्य प्रदेश में दीपावली की रात आग लगने की तीन घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई. कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी आग से दो परिवारों के 12 सदस्यों की जान चली गई. दोनों घटनाओं में छह-छह लोगों की मौत हुई. वहीं, उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दुकानों में लगी आग के धुएं से 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई.
बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हुई. मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं. इनमें 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और दो महीने का मासूम है. सिवनी में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की जान गई. शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है.
सिवनी: सराफा व्यापारी के मकान में आग, छह की मौत
सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई. घटना के समय मकान में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे. इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह की जान चली गई. सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी. एसपी कृष्ण लाल चंदानी के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है. घटनास्थल पर बिजली के तार जले हुए मिले हैं. मामले की जांच की जा रही है.
कटनी: तीन मंजिला मकान में आग से एक ही परिवार के छह की मौत
कटनी जिले के बरही में रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में आग लग गई. देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत में फैल गई. हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई.
दमकल की खराब पाइप से राहत कार्य में आई बाधा
आग लगने के बाद बरही नगर परिषद का दमकल वाहन करीब एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी. करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई. इससे आग बुझाने और लोगों को बाहर निकालने के प्रयासों में बाधा आई. बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए. सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी से दीवार तोड़ी गई. स्थानीय युवाओं ने भी बचाव कार्य में मदद की. हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अंदर फंसे रह गए.
ज्वलनशील सामान से तेजी से फैली आग
मकान के निचले हिस्से में ग्रोसरी और प्लास्टिक का सामान रखा था. ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाने में मुश्किल हुई. रेस्क्यू के दौरान दो महीने का मासूम अपनी मां पूनम की गोद में मिला. मां और बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. परिवार की दोनों बच्चियां और दादी भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी मिलीं.
दमकल व्यवस्था पर ग्रामीणों का आक्रोश, कलेक्टर ने मांगी माफी
हादसे की सूचना पर कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने दमकल वाहनों की खराब स्थिति और राहत कार्य में देरी को लेकर नाराजगी जताई. उनका आरोप था कि समय पर दमकल व्यवस्था दुरुस्त होती तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी. कलेक्टर ने घटना को अपूरणीय क्षति बताते हुए लोगों से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि मौके पर चार दमकल वाहन होने के बावजूद छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दमकल कर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए नागपुर के फायर इंस्टीट्यूट भेजने की बात भी कही.
उज्जैन: दुकानों में आग, धुएं से 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दीपावली की रात दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में आग लग गई. आग से निकला धुआं ऊपर बने मकान तक पहुंच गया. उस समय विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मकान में मौजूद थे और आग व धुएं के बीच फंस गए. सूचना पर पुलिस, नगर निगम की टीम, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. परिवार के सदस्यों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई.








