मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मनासा से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय बेटी ने अपनी परेशानी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचाने के लिए उनके काफिले के सामने गुहार लगाई। कुकड़ेश्वर निवासी नेहा माली अपने परिवार की परेशानियों और पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहती थीं। मनासा दौरे के दौरान जब मुख्यमंत्री का काफिला वहां से गुजर रहा था, तभी नेहा अपनी फरियाद लेकर उनके वाहन के करीब पहुंच गईं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते उन्हें रोक दिया गया और मुख्यमंत्री का काफिला आगे निकल गया। इस दौरान नेहा की बेबसी और अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कोशिश कैमरे में कैद हो गई। देखते ही देखते उनका रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो के माध्यम से मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के जरिए नेहा को बुलवाया और उनसे मुलाकात कर उनकी पूरी परेशानी सुनी। मुख्यमंत्री ने नेहा को भरोसा दिलाया कि उनके मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और नियमानुसार न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इतना ही नहीं, तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में नेहा के बैंक खाते में एक लाख रुपये की राशि भी ट्रांसफर करवाई गई और उनकी मुलाकात नीमच जिले के कलेक्टर से कराई गई, ताकि शिकायत पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो सके।
पिता की मौत के बाद छोटी बहन के साथ बेसहारा हुई नेहा, पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद
नेहा माली ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पिता मुकेश माली का निधन 21 नवंबर 2025 को हो गया था। वहीं, उनकी मां पहले ही नाता प्रथा के तहत पुनर्विवाह कर दूसरी जगह चली गई थीं। इसके बाद नेहा और उनकी छोटी बहन अपने पिता के घर में रहने लगीं। पिता के निधन और मां के अलग हो जाने के बाद दोनों बहनों के सामने जीवनयापन और रहने की समस्या खड़ी हो गई। नेहा का आरोप है कि परिवार के ही कुछ सदस्यों द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि जिस घर को वह अपना अधिकार और विरासत मानती हैं, उसी घर में रहने को लेकर भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घर के सामान और परिवार की दूसरी संपत्तियों के इस्तेमाल को लेकर भी उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की। नेहा ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कई बार अपनी शिकायत रखने के बावजूद उन्हें संतोषजनक समाधान नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखने का फैसला किया, ताकि उन्हें और उनकी छोटी बहन को न्याय मिल सके।
CM के निर्देश पर कलेक्टर नेहा से मिले, दस्तावेजों की जांच का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्र ने बुधवार शाम नेहा माली से मुलाकात की और उनकी शिकायत विस्तार से सुनी। इस दौरान नेहा ने पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद और पिता की विरासत को लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कलेक्टर ने उन्हें आश्वासन दिया कि परिवार की संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी और नियमों के अनुसार जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने के बाद नेहा को आर्थिक सहायता भी मिली है और अब उन्हें प्रशासनिक जांच के जरिए न्याय मिलने की उम्मीद है। फिलहाल इस पूरे मामले में संपत्ति विवाद की जांच और नियमानुसार कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।








