Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयफग्गन सिंह कुलस्ते vs बिजली कंपनी के एमडी मामले में बिजली अधिकारी...

फग्गन सिंह कुलस्ते vs बिजली कंपनी के एमडी मामले में बिजली अधिकारी ने नकारी अपमान की बात, दिया स्पष्टीकरण

केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मध्य प्रदेश की पूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी के एमडी पर उनके बहनोई बिजली अधिकारी अशोक धुर्वे का अपमान करने का आरोप लगाया था और सीएम डॉ यादव से एमडी की शिकायत करने की बात कही थी। इस संबंध में फग्गन सिंह कुलस्ते का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने आरोप लगाया था कि उनके बहनोई पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रबंधक (वाणिज्य, भंडार और क्रय) अशोक धुर्वे को प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने जातिसूचक शब्द कहे और अपमानित किया।

अब इस मामले में मुख्य महाप्रबंधक प्रबंधक अशोक धुर्वे ने कहा है कि श्री अनय द्विवेदी प्रबंध संचालक महोदय द्वारा किसी भी शासकीय मीटिंग या व्यक्तिगत रूप से मेरे विरुद्ध किसी भी प्रकार की जातिगत शब्दों या जातिसूचक टिप्पणी नहीं की गई है, अपितु उनके मार्गदर्शन में मैं पूर्व क्षेत्र कंपनी के कॉर्पोरेट कार्यालय के दो विभाग के प्रमुख का दायित्व मुझे सौंपा गया है, जिसे मैं जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन कर रहा हूं।

कोई गलती होने पर अथवा अच्छा काम परफॉर्म न करने पर वरिष्ठ अधिकारी का नाराज होना स्वाभाविक है, बैठक में भी यही हुआ था। बैठक में एमडी महोदय द्वारा यह कहा गया था कि उनको ऊपर से कहा गया है कि कुलस्ते जी हार चुके हैं तो तुम्हें भी फील्ड भेज दें क्या परंतु एमडी सर ने ही मना कर दिया कि मैं उसे फील्ड में नहीं भेजूंगा’ ऐसी बात हुई थी, मेरे वर्जन को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है।

वहीं सीजीएम (कार्य और आरडीएसएस) संजय भागवतकर ने कहा कि अशोक धुर्वे का प्रकरण मेरे संज्ञान में आया है इसके बारे में बताना चाहता हूं कि श्री द्विवेदी साहब ने अशोक धुर्वे जी को लेकर किसी भी प्रकार के जातिवाचक शब्दों का उपयोग नहीं किया गया है और ना ही इस प्रकार की भाषा का उपयोग वे कभी करते हैं।

संजय भागवतकर ने कहा कि मैं भी उस दिन बैठक में मौजूद था जैसा बताया जा रहा है ऐसा कुछ नहीं हुआ था। मैं खुद भी अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखता हूं और मेरे सहित अन्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अधिकारियों के प्रति हमेशा सम्मानपूर्वक भाषा का उपयोग करते रहे हैं।

Related Articles

Latest News