Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयहॉकी5एस महिला विश्व कप: भारत ने अपने पहले मैच में पौलैंड को...

हॉकी5एस महिला विश्व कप: भारत ने अपने पहले मैच में पौलैंड को 5-4 से हराया

मस्कट (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पोलैंड के खिलाफ पूल सी का रोमांचक मैच 5-4 से जीतकर एफआईएच हॉकी5एस महिला विश्व कप 2024 की जीत के साथ शुरुआत की। भारत के लिए मुमताज खान (4′, 14′) और दीपिका सोरेंग (6′, 29′) ने दो-दो गोल किये।

भारतीय महिला टीम ने पहले हाफ की शुरुआत में ही मुमताज खान (4′) के फील्ड गोल से बढ़त बना ली। कुछ मिनट बाद ही दीपिका सोरेंग (6′) ने एक और फील्ड गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।

भारत के पास यह बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही क्योंकि जूलिया कुचारस्का (8′) और पोलैंड की कप्तान मार्लेना रयबाचा (10′) ने फील्ड गोल दागे जिससे पहले हाफ में पांच मिनट शेष रहते स्कोर 2-2 हो गया। इसके बाद मुमताज खान (14′) ने अपना दूसरा गोल किया, जिससे पहले हाफ के अंत तक भारत के पक्ष में स्कोर 3-2 हो गया।

खेल के दूसरे भाग की शुरुआत शांतिपूर्ण रही और दोनों टीमों ने एक-दूसरे को गोल करने से रोका। हालांकि मारियाना कुजूर (23′) ने गोल कर भारत को 4-2 से आगे कर दिया।

समय समाप्त होने में तीन मिनट शेष रहने पर, पाउला स्लाविंस्का (27′) ने पोलैंड के लिए तीसरा गोल किया। हालाँकि, दीपिका सोरेंग (29′) ने जल्द ही गोल कर दिया और भारत ने 5-3 से बढ़त हैसिल कर ली। मोनिका पोलेवज़ाक (29′) ने कुछ ही समय पोलैंड के लिए चौथा गोल कर दिया। अंतिम सीटी बजने तक भारतीय महिला टीम बढ़त बरकरार रखने में सफल रही और मैच 5-4 से जीत लिया।

भारतीय महिला टीम अपना अगला मुकाबला 24 जनवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका से खेलेगी।

Related Articles

Latest News