Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयक्रिकेट के सभी प्रारूपों में 100 मैच खेलने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने...

क्रिकेट के सभी प्रारूपों में 100 मैच खेलने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने डेविड वार्नर

होबार्ट (हि.स.)। अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के साथ ही क्रिकेट के सभी प्रारूपों में 100 मैच खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी बन गए। इस मैच में उन्होंने 70 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेल अपनी उपलब्धि को और खास बना दिया है।

इसके अलावा वार्नर टी-20 में अपना 100वां मैच भी खेल रहे हैं और इसके साथ ही वह पूर्व कप्तान आरोन फिंच (103) और स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (100) की सूची में शामिल हो गए हैं और यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए।

कुल मिलाकर वार्नर भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और न्यूजीलैंड के रॉस टेलर की विशिष्ट कंपनी में शामिल हो गए हैं और सभी प्रारूपों में अपने देश का सौ बार प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। कप्तान मिशेल मार्श को कोविड होने के कारण वार्नर को ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है।

मैच की बात करें तो बेलेरिव ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 213 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से वार्नर ने 36 गेंदों पर 12 चौके और 1 छ्क्के की बदौलत शानदार अर्धशतक लगाते हुए 70 रन बनाए। वार्नर के अलावा जोस इंगलिश ने 39, टिम डेविड ने नाबाद 37 और मैथ्यू वेड ने 21 रन बनाए।

Related Articles

Latest News