Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्य प्रदेश से कांग्रेस ने अशोक सिंह को बनाया राज्यसभा के लिए...

मध्य प्रदेश से कांग्रेस ने अशोक सिंह को बनाया राज्यसभा के लिए उम्मीदवार

भोपाल (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी मध्यप्रदेश से अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया। कांग्रेस ने अशोक सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। अशोक सिंह ग्वालियर के रहने वाले हैं और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ दोनों के करीबी माने जाते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। जिसमें मध्य प्रदेश समेत तीन राज्यों के छह राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इनमें मध्य प्रदेश से अशोक सिंह का नाम भी शामिल है। इसके अलावा कर्नाटक से तीन अजय माकन, डाॅ. सैयद नासिर हुसैन, जीसी चंद्रेशर और तेलंगाना से दो उम्मीदवार रेणुका चौधरी और एम. अनिल कुमार यादव के नाम घोषित किए गए हैं।

अशोक सिंह फिलहाल मप्र कांग्रेस में कोषाध्यक्ष के पद पर हैं। उन्होंने चार बार लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हर बार हार का सामना करना पड़ा। अशोक सिंह के नाम की घोषणा के साथ ही बीते कुछ दिनों से चली आ रही उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कमलनाथ, मीनाक्षी नटराजन, अरुण यादव, अजय सिंह राहुल भैया, कमलेश्वर पटेल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की बातें कही जा रही थीं।

इससे पहले भाजपा ने भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। भाजपा ने तमिलनाडु प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, भाजपा ने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया और संत उमेश नाथ महाराज को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि राज्यसभा में मध्यप्रदेश से पांच सीटें खाली होने वाली हैं। विधायकों की संख्या बल के हिसाब से वर्तमान में चार सीटें भाजपा को मिलनी तय है, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में आएगी। राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव के लिए गुरुवार, 15 फरवरी तक नामांकन करने की अंतिम तारीख है। इसके बाद 20 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 27 फरवरी को मतदान होगा और उसी दिन शाम को पांच बजे मतगणना होगी।

Related Articles

Latest News