Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयभारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 अरब डॉलर...

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 अरब डॉलर के रिकार्ड उच्चतम स्तर पर

नई दिल्ली (हि.स.)। आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर है। लगातार छठे हफ्ते देश के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 29 मार्च को समाप्त हफ्ते में 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इससे पिछले हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार 642.63 बिलियन डॉलर था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 29 मार्च को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक मुद्रा भंडार का अहम घटक मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.35 अरब डॉलर बढ़कर 570.61 अरब डॉलर हो गईं।

आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान स्वर्ण भंडार का आरक्षित मूल्य 67.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 52.16 अरब डॉलर हो गया। हालांकि, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 7.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.14 अरब डॉलर रह गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास देश की आरक्षित जमा 20 लाख डॉलर घटकर 4.66 अरब डॉलर रह गई।

इससे पहले आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने वित्त वर्ष 2024-25 की पहली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के बाद फैसलों का ऐलान करते हुए बताया कि 29 मार्च, 2024 को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 645.6 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 642 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध और डॉलर के भारत से आउटफ्लो की वजह से विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 524 अरब डॉलर पर आ गया था।

Related Articles

Latest News