Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयकंगना रनौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ कर्मी ने मारा थप्पड़, विभाग...

कंगना रनौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ कर्मी ने मारा थप्पड़, विभाग ने किया निलंबित

चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रानौत को थप्पड़ मारने वाली महिला कांंस्टेबल को सीआईएसएफ ने निलंबित कर दिया है। दिल्ली पहुंचने के बाद कंगना रानौत ने एक वीडियो जारी करके कहा कि वह सुरक्षित हैं, लेकिन उन्हें पंजाब में बढ़ रहे आतंकवाद और उग्रवाद की चिंता है।

कंगना रानौत मंडी लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद आज दिल्ली जाने के लिए चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचीं। सिक्योरिटी जांच के बाद कंगना जब अन्दर प्रवेश करने लगीं तो सीआईएसएफ की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद कुलविंदर कौर सिक्योरिटी केबिन से बाहर आकर किसान आंदोलन के दौरान दिए गए कंगना के बयान पर आपत्ति जताई। कुलविंदर ने कहा कि उसकी मां भी किसान आंदोलन में शामिल थी, लेकिन सौ रुपये दिहाड़ी पर नहीं गई थी।

कुलविंदर कौर बैरीकेड के आसपास ऊंची आवाज में कंगना को धमकाते हुए घूमती रही, जिसे वहां मौजूद अन्य सुरक्षा कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद कंगना चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। दिल्ली पहुंचकर कंगना रानौत ने एक वीडियो जारी करके कहा कि वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं, लेकिन उन्हें पंजाब में लगातार बढ़ रहे आतंकवाद व उग्रवाद की चिंता है।

इस बीच सीआईएसएफ ने महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर को निलंबित करके विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। सीआईएसएफ ने कुलविंदर कौर के खिलाफ स्थानीय पुलिस को भी शिकायत दे दी है। चंडीगढ़ एसपी (डिटेक्टिव) केएस संधू ने कहा, “सीआईएसएफ कमांडेंट ने मुझे बुलाया है, मैं जांच के लिए एयरपोर्ट जा रहा हूं।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कंगना रानौत के मामले में कहा कि सीआईएसएफ के अधिकारियों ने इस मामले में जांच रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल जांच चल रही है। सैनी ने कहा कि इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Latest News