Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीय21 जून को दोपहर में नहीं दिखेगी परछाई, इस तारीख को होगा...

21 जून को दोपहर में नहीं दिखेगी परछाई, इस तारीख को होगा वर्ष का सबसे बड़ा दिन और सबसे छोटी होगी रात

उज्जैन (हि.स.)। इस वर्ष 2024 में आगामी 21 जून को हर वर्ष होनेवाली खगोलीय घटना एक बार फिर होने जा रही है। यह दिन सबसे बड़ा होगा और रात सबसे छोटी।

जीवाजी वेधशाला के प्रभारी अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त के अनुसार दिन 13 घण्टे 34 मिनिट का और रात 10 घण्टे 26 मिनिट की होगी। इस दिन दोपहर 12 बजकर 28 मिनिट पर परछाई गायब हो जाएगी। इस खगोलीय घटना को वेधशाला में शंकु यंत्र पर देखा जा सकेगा। शर्त यह है कि इस दिन मौसम साफ हो याने आसमान में बादल न हो।

डॉ. गुप्त ने बताया कि हर वर्ष 21 जून को सूर्य उत्तरी गोलार्ध में कर्क रेखा पर लम्बवत होता है। चूंकि उज्जैन कर्क रेखा पर स्थित है, इसलिए इस दिन दोपहर को गणना अनुसार तय समय पर सूर्य की परछाई कुछ सेकण्ड के लिए गायब हो जाती है। वेधशाला परिसर में शंकु यंत्र है। यह यंत्र दो भागों उत्तरी गोलार्ध और दक्षिणी गोलार्ध में अक्षांश एवं देशांतर रेखाओं के साथ विभाजीत है। बीच में एक लोहे की राड गड़ी हुई है। 21 जून को दोपहर 12 बजकर 28 मिनिट पर इस राड की परछाई शून्य हो जाएगी। याने परछाई बनेगी ही नहीं।

यही समय रहेगा जब सूर्य उत्तरी गोलार्ध से दक्षिणी गोलार्ध में प्रवेश करेगा। इस दिन सूर्योदय प्रात: 5:42 बजे और सूर्यास्त सायं 7:16 बजे होगा। इसके बाद सूर्य 22 जून से दक्षिणी गोलार्ध में चला जाएगा। जैसे जैसे दिन आगे बढेंगे 23 सितंबर को दिन और रात बराबर हो जाएंगे। इसके बाद दिन छोटा और रात बढ़ी होने लगेगी। क्योंकि दक्षिणी गोलार्ध में होने के कारण सूर्य की किरणें हमारी ओर तिरछी पड़ेगी, इस कारण किरणों का ताप कम हो जाएगा। जिसे हम ठण्ड आने की बात के रूप में जानेंगे।

Related Articles

Latest News