Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में महिला कॉन्स्टेबल को वर्दी में विज्ञापन करना पड़ा महंगा, एसपी...

एमपी में महिला कॉन्स्टेबल को वर्दी में विज्ञापन करना पड़ा महंगा, एसपी ने किया निलंबित

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक महिला कॉन्स्टेबल को पुलिस की वर्दी में एक निजी कोचिंग संस्थान का विज्ञापन करना महंगा पड़ गया। विज्ञापन का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने महिला कॉन्स्टेबल पर कार्रवाई की है। उन्होंने जिले के नामली थाने में पदस्थ उक्त महिला कॉन्स्टेबल अनिष्का रावत मीणा को निलंबित कर दिया है।

दरअसल, शुक्रवार देर शाम को एमपी युवा शक्ति नाम के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स अकाउंट से विज्ञापन का वीडियो शेयर किया गया। इसमें अनिष्का रावत इंदौर के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट का विज्ञापन करती दिख रही है। कैप्शन लिखा है कि ‘अब खाकी वर्दी का काम चौराहे पर ड्यूटी देना ही नहीं, बल्कि प्राइवेट कोचिंग क्लास का प्रमोशन करना भी है। मध्यप्रदेश पुलिस की आरक्षक अनिष्का रावत मीणा इस काम को बखूबी निभा रही हैं। एमपी पुलिस डिपार्टमेंट से निवेदन है कि पुलिस भर्ती से चयनित को वीडियो बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाए। यूजर ने इस वीडियो को पुलिस मुख्यालय भोपाल और रतलाम पुलिस अधीक्षक को भी टैग किया गया है। वीडियो के ऊपर यह भी लिखा है कि अब खाकी वर्दी का काम भी ड्यूटी करते हुए कोर्स बेचना रह गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक युवती ड्यूटी पर तैनात महिला कॉन्स्टेबल अनिष्का रावत मीणा के पास आती है। युवती कहती है, ‘हैलो मैम, आपके चैनल को बहुत टाइम से फॉलो कर रही हूं। मुझे आपके जैसे बनना है। मैम में पुलिस की तैयारी करना चाहती हूं। आपने कहां से तैयारी की है। अनिष्का कहती है, ‘मैंने तो इंदौर की प्राइवेट कोचिंग से तैयारी की है। मैं अभी भी एमपीएसआई की तैयारी वहां से ऑनलाइन कर रही हूं। यदि आपको भी तैयारी करना है, तो उनका यूट्यूब चैनल चेक कर सकती हैं। अभी तो अगस्त महीना चल रहा है। ऑनलाइन कोर्सेस में ऑफर भी हैं। महिला सुपरवाइजर, व्यापमं की तैयारी कर सकती हैं। अच्छे कंटेट मिलेंगे। टीचर भी अच्छे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने एक्स पर पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला आरक्षक द्वारा वर्दी में निजी कोचिंग संस्थान का प्रचार करना संज्ञान में आया है। जिस पर कार्रवाई करते हुए निलंबित किया गया है। विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Latest News