कुंभ राशि में मार्गी हो रहे हैं शनि देव: इन राशि वालों को रखना होगा सावधानी, इन्हें होगा लाभ

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

शनि देव को न्याय का देवता माना जाता है। उनका मुख्य उत्तरदायित्व है सभी के प्रति न्याय करना।

शनि देव पश्चिम दिशा के स्वामी वात-श्लेष्मिक प्रकृति, कृष्ण वर्ण और वायु तत्व है। शनि देव सप्तम स्थान में बली होते हैं। वक्री ग्रह या चंद्रमा के साथ में रहने से चेस्ट बली होते हैं। इनसे अंग्रेजी विद्या का विचार किया जाता है। रात में जन्म होने पर मातृ और पितृ कारक होते हैं।

शनि ग्रह शारीरिक बल, उदारता, विपत्ति, योगाभ्यास, प्रभुता, ऐश्वर्य, मोक्ष, ख्याति, नौकरी तथा मूर्छा आदि का विचार किया जाता है।

वर्तमान में शनि कुंभ राशि में वक्री होकर गोचर कर रहे हैं। भुवन विजय पंचांग के अनुसार 23 अक्टूबर 2023 को 6:55 बजे प्रातः से वे कुंभ राशि में ही मार्गी हो जाएंगे। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग भी है तथा दुर्गा नवमी का व्रत भी रहेगा।

पुष्पांजलि पंचांग के अनुसार शनि देव 3 नवंबर को 1:25 बजे दिन से कुंभ राशि में मार्गी हो रहे हैं। 3 नवंबर को भी सर्वार्थ सिद्धि योग है। लाला रामस्वरूप पंचांग के अनुसार शनि देव 4 नवंबर 2023 को 10:16 बजे रात से कुंभ राशि में मार्गी हो रहे हैं।

आइये अब हम शनि देव के मार्गी होने का विभिन्न जातकों पर प्रभाव के बारे में चर्चा करें।

मेष राशि

धन निवेश में सावधानी बरतें। अन्यथा आपको धन हानि होगी। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। अपने संतान से सहयोग की उम्मीद कम रखें। वाहन के चलाते समय सावधान रहें।

वृष राशि

अगर आप कर्मचारी हैं तो कार्यालय में आपका टकराव होगा। शासकीय कार्यालयों में आपके विभिन्न कार्य में बाधाएं आएंगी। कचहरी के कार्यों में आपको असफलता मिल सकती है। जनता के बीच आपकी प्रतिष्ठा कम हो सकती है। आपके जीवन साथी को भी कष्ट होगा।

मिथुन राशि

दुर्घटनाएं हो सकती हैं। धन प्राप्ति में बहुत बाधाएं आएंगी। कार्यालय में आप की स्थिति सामान्य रहेगी। आपके संतान को कष्ट होगा। भाग्य एकाएक आपका साथ देगा।

कर्क राशि

दुर्घटनाएं हो सकती हैं। धन प्राप्ति में बहुत बाधाएं आएंगी। कार्यालय में आप की स्थिति खराब हो सकती है। आपकी संतान को कष्ट होगा।

सिंह राशि

आपके जीवनसाथी को कष्ट होगा। उनके कमर और गर्दन में दर्द हो सकता है। जनता में आपके छवि खराब हो सकती है। भाग्य से आपको मदद बहुत कम मिलेगी।

कन्या राशि

आपके शत्रुओं की संख्या में कमी आ सकती है। आपका अपनी बहन से झगड़ा हो सकता है। कचहरी के कार्यों में विजय मिलने में बाधा आएगी। शारीरिक स्वास्थ्य ठीक-ठाक रहेगा।

तुला राशि

आपकी संतान का आपको सहयोग प्राप्त होगा। संतान को सफलताएं प्राप्त होगी। धन लाभ में कमी आएगी।

वृश्चिक राशि

जनता के बीच में आप की छवि में एकाएक उछाल आ सकता है। आपके कमर या गर्दन में दर्द होगा। स्प्डेंलाइट्स की शिकायत हो सकती है। अगर आप कर्मचारी अधिकारी हैं तो अपनी वाणी पर कंट्रोल रखें।

धनु राशि

आपका अपनी बहन से मधुर संबंध बन सकते हैं। भाग्य सामान्य रहेगा। आपकी संतान आपको विशेष सहयोग नहीं देगी। कचहरी के कार्यों में हार मिल सकती है।

मकर राशि

आपकी धन लाभ में वृद्धि होगी। धन आने का योग है। पैसा व्यर्थ के कार्यों में बर्बाद भी हो सकता है। कृपया स्त्रियों से या दूसरे धर्म के लोगों से सतर्क रहें।

कुंभ राशि

इस समय शनि आप के लग्न में बैठा हुआ है। यह आपको शारीरिक पीड़ा देगा। आपके जीवन साथी को भी शारीरिक कष्ट हो सकता है। अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो कार्यालय में आपको परेशानी आएगी। भाइयों और बहनों के साथ संबंधों में तनाव हो सकता है।

मीन राशि

मीन राशि के जातकों के शरीर में कष्ट हो सकता है। कचहरी के कार्यों में सफलता मिलेगी। भाग्य कम साथ देगा। धन हानि हो सकती है। शत्रुओं से सतर्क रहें।

उपाय

शनि के प्रकोप से बचने के लिए सभी को चाहिए कि वे शनिवार को शनि मंदिर में जाकर पूजन करें। शनिदेव को तेल चढ़ाएं। पीपल के पेड़ के नीचे दीपक प्रज्वलित कर पीपल की सात बार परिक्रमा करें।