रामायण में रावण की भूमिका निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन

दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक रामायण में रावण की भूमिका निभाने वाले दिग्गज कलाकार अरविंद त्रिवेदी का 82 साल की उम्र में मंगलवार की रात मुंबई में हार्ट अटैक से निधन हो गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अरविंद त्रिवेदी काफी समय से बीमार थे और दिल का दौरा पड़ने तथा कई अंगों के काम नहीं करने चलते उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज बुधवार को मुंबई में किया जाएगा।

एबीपी न्यूज के अनुसार अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने अपने चाचा के निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई साल से बीमार चल रहे थे। पिछले 3 साल से उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब रहने लगी थी।

उन्हें इस दौरान कई बार अस्पताल में भी भर्ती रहना पड़ा था। एक महीने पहले ही वो अस्पताल से घर लौटे थे। मंगलवार रात 9:30 बजे करीब उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।