साप्ताहिक राशिफल-13 से 19 नवंबर 2023: चंद्रमा का वृश्चिक, धनु और मकर राशि में गोचर इन राशि वालों को दिलाएगा धन

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 13 नवंबर से रविवार 19 नवंबर 2023 अर्थात विक्रम संवत 2080 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह 18 तारीख को गृह प्रवेश एवं व्यापार का मुहूर्त है। 13 नवंबर को सोमवती अमावस्या है। 14 नवंबर को अन्नकूट, 15 नवंबर को भाई दूज और 17 से 20 नवंबर तक छठ के व्रत के विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

इस सप्ताह चंद्रमा प्रारंभ में तुला राशि में रहेगा। 13 नवंबर की रात 9:30 बजे से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। 15 नवंबर को 3:45 बजे से धनु राशि में और 18 तारीख को प्रातः 7:53 बजे से मकर राशि में गोचर करेगा।

सूर्य प्रारंभ में तुला राशि में रहेगा। 17 तारीख को 1:25 बजे दिन से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। मंगल प्रारंभ में तुला राशि में रहेगा और 16 तारीख को 10:36 बजे दिन से वृश्चिक राशि में गोचर करेगा। इस पूरे सप्ताह बुध वृश्चिक राशि में, शनि कुंभ राशि में और शुक्र कन्या राशि में रहेंगे। गुरु मेष राशि में और राहु मीन राशि में भ्रमण करेंगे।

मेष राशि

मेष राशि के जातकों को इस सप्ताह धन की प्राप्ति हो सकती है। भाग्य से कोई विशेष मदद प्राप्त नहीं होगी। जीवनसाथी को मानसिक क्लेश हो सकता है। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके पेट में थोड़ी पीड़ा हो सकती है आपको मानसिक कष्ट भी हो सकता है। अगर आप प्रयास करेंगे तो आपके सभी शत्रु परास्त हो सकते हैं। आपके गर्दन या कमर में दर्द हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 13 और 18 तथा 19 नवंबर कार्यों को करने के लिए उपयुक्त हैं। 14 और 15 नवंबर को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

वृष राशि

वृष राशि का स्वामी शुक्र नीच राशि में है और संतान के घर में बैठा हुआ है। परंतु संतान के घर का स्वामी केंद्र में सप्तम भाव में बैठा है इसलिए आपकी संतान को शुक्र लाभ देगा। यह संभव है कि संतान से आपको बहुत अच्छा सहयोग मिले या संतान की उन्नति हो। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। धन आने का योग है। अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो कार्यालय में आपका थोड़ा बहुत वाद विवाद हो सकता है। कार्यालय में आपकी स्थिति अत्यंत मजबूत रहेगी। यह सप्ताह आपके व्यापार और जीवनसाथी के लिए उत्तम है। भाग्य से आपके सहयोग प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपके लिए 14 और 15 नवंबर परिणाम मूलक है। इस दिन आपके कई कार्य सफल हो सकते हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह आपके पास अच्छी मात्रा में धन आ सकता है, परंतु उसमें बाधाएं भी हैं। आपका भाग्य आपकी मदद करेगा। अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो कार्यालय में आपकी स्थिति बहुत मजबूत रहेगी। परंतु आपके कई वाद विवाद भी होंगे। आपको अपनी संतान से बहुत अच्छा सहयोग मिलेगा। संतान की उन्नति भी हो सकती है। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। आपके सुख में बाधा पड़ेगी। आपकी प्रतिष्ठा में कमी आ सकती है। अगर आप थोड़ा सा भी प्रयास करेंगे तो आपके शत्रुओं का समूह नाश हो जाएगा। इस सप्ताह आपके लिए 16 और 17 नवंबर उत्तम है। 18 और 19 नवंबर को आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। 14 और 15 नवंबर को भी आप सचेत रहकर ही कार्य करें। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शुक्रवार को मंदिर में जाकर गरीबों के बीच में चावल का दान दें सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

कर्क राशि

इस सप्ताह आपको खट्टे मीठे अनुभवों का सामना करना पड़ेगा। आपका अपने भाई बहनों से तकरार संभव है। कार्यालय में आपकी प्रतिष्ठा में कमी आएगी। भाग्य के स्थान पर आपको अपने पुरुषार्थ पर भरोसा करना पड़ेगा। आपको अपनी संतान का सहयोग मिलेगा। छोटी-मोटी दुर्घटना का योग है। आपके सुख में कमी आएगी। जनता में आपका आकर्षण कम होगा। आपकी प्रतिष्ठा में कमी हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 13, 18 और 19 नवंबर कार्यों को करने के लिए उपयुक्त हैं। 16 और 17 नवंबर को आपको बड़ी सावधानी से कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रातः काल स्नान की उपरांत तांबे के पात्र में जल, अक्षत और लाल पुष्प लेकर सूर्य देव को जल अर्पण करें। सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाई बहनों के साथ संबंध ठीक होंगे। जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। भाग्य से थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। धन आने का योग है। संतान से कोई विशेष सहायता नहीं प्राप्त होगी। भाग्य के सहारे रहना ठीक नहीं होगा। इस सप्ताह आपको योजना बनाकर पूरी सावधानी से कार्य करना चाहिए। अन्यथा आप कार्यों में असफल हो सकते हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का प्रतिदिन अभिषेक करें तथा उनसे अपने मंगल की कामना करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

कन्या राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का योग है। स्वास्थ्य में थोड़ी तकलीफ हो सकती है। जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। माता और पिता का स्वास्थ्य भी ठीक रहने की उम्मीद है। आपके शत्रु बने रहेंगे। नए-नए शत्रु पैदा हो सकते हैं। आपके पेट में पीड़ा हो सकती है। भाग्य आपका थोड़ा बहुत साथ देगा। इस सप्ताह आपके लिए 16 और 17 तारीख परिणाम मूलक है। 16 और 17 तारीख को आप जो भी काम करेंगे उसमें आपको अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक हैं। 14 और 15 नवंबर को आपके पराक्रम में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें तथा काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। 17 तारीख के बाद आपके ऊपर कुछ मानसिक दबाव हो सकता है। आपके जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी सी खराबी हो सकती है। कचहरी के कार्यों में आपको सफलता मिल सकती है। अपनी संतान से आपको अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। संतान की उन्नति भी हो सकती है। भाग्य से आपको कुछ विशेष प्राप्त होने की उम्मीद नहीं है। छोटे-मोटे दुर्घटना का योग है। संभल कर रहें। इस सप्ताह आपके लिए 13, 18 और 19 नवंबर परिणाम दायक हैं। सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप बृहस्पतिवार का व्रत करें और प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपके पास धन प्राप्ति का अच्छा योग है। आप प्रयास करें। धन आपको प्राप्त होगा। व्यापार में आपको सफलता मिल सकती है। आपका स्वास्थ्य थोड़ा खराब रह सकता है। 17 तारीख तक आपको कचहरी के कार्य में विजय मिल सकती है। 17 तारीख की उपरांत कचहरी के कार्यों में आपको सफलता नहीं मिल पाएगी। आपके पेट में पीड़ा हो सकती है। माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी सी बाधा है। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। संतान से आपको कुछ भी विशेष प्राप्त नहीं होगा। इस सप्ताह आपको 13 नवंबर को सावधान रहकर कोई भी कार्य करना चाहिए। सप्ताह के बाकी दिन एक जैसे हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

धनु राशि

17 तारीख तक आपके पास धन आने का उत्तम योग है। आपके प्रयासों से धन आपको प्राप्त होगा। आपके माताजी के स्वास्थ्य में कुछ खराबी आ सकती है। पिताजी के स्वास्थ्य में भी बाधा है । अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो आपको कार्य अपने कार्यालय में सावधान रहने की आवश्यकता है। छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ेगी। इस सप्ताह आपके लिए 16 और 17 नवंबर श्रेष्ठ और उत्तम है। 14 और 15 नवंबर को आपको सावधान रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शिव पंचाक्षरी मंत्र का प्रतिदिन जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। माता और पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी-थोड़ी बाधा है। इस सप्ताह भाग्य आपका साथ दे सकता है। कार्यालय में आपको परेशानी रहेगी। धन आने का योग है। भाई बहनों के साथ संबंधों में तनाव हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 13 तथा 18 और 19 नवंबर फलदायक हैं। 16 और 17 नवंबर को आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप गौ माता को हरा चारा खिलाएं। सप्ताह का सब शुभ दिन शनिवार है।  

कुंभ राशि

आपका स्वास्थ्य इस सप्ताह अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में कुछ गिरावट आ सकती है। भाग्य से इस सप्ताह आपको थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है। आपको  अपने परिश्रम से बहुत कुछ प्राप्त हो सकता है। दुर्घटना का योग है। परंतु आप दुर्घटना से बच जाएंगे। धन आने का भी योग है। भाई बहनों के साथ संबंध में थोड़ा बहुत तनाव आ सकता है। आपको अपने संतान से मामूली सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई में बाधा आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 14 और 15 नवंबर उत्तम है। 18 और 19 नवंबर को आपको सावधान रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप घर की बनी पहली रोटी गौ माता को दें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मीन राशि

कचहरी के कार्यों में आपको सफलता मिल सकती है। अगर आप अविवाहित हैं तो विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं। परंतु इन संबंधों में कुछ बाधा भी आएगी। दुर्घटनाओं से सावधान रहें। भाग्य आपकी कोई विशेष मदद नहीं करेगा। धन आने में कमी आएगी। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में कुछ दिक्कत हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 16 और 17 नवंबर शुभ है। 13 नवंबर को आपको सावधान रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का प्रतिदिन दूध और जल से अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।