एक भारत-श्रेष्‍ठ भारत प्रश्‍नोत्‍तरी प्रतियोगिता में लीजिये हिस्सा, जीतने वालों को सरकार ले जाएगी सैर पर

पर्यटन मंत्रालय आज 1 जनवरी से माईगोव मंच पर एक भारत, श्रेष्‍ठ भारत प्रश्‍नोत्‍तरी प्रतियोगिता शुरू कर रहा है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत गतिविधियों के तहत पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार माईगोव प्लेटफॉर्म पर 1 जनवरी से 30 जून 2020 तक प्रश्‍नोत्‍तरी प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। इस प्रश्‍नोत्‍तरी में प्रत्येक राज्य के प्रतियोगियों से संबंधित जोड़ी राज्य के बारे में प्रश्‍न पूछे जाएंगे और विजेताओं को इनाम के रूप में उनके संबंधित जोड़ी राज्य के दौरे पर ले जाया जाएगा।

प्रश्‍नोत्‍तरी के लिए लिंक- https://quiz.mygov.in/quiz/ebsb/

एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में रहने वाली विविध संस्कृतियों के लोगों के बीच सक्रियता बढ़ाना तथा लोगों के बीच अधिक से अधिक पारस्परिक समझ को बढ़ावा देना भी है। कार्यक्रम के अनुसार हर वर्ष प्रत्येक राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश की दूसरे राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश के साथ जोड़ी बनाई जाएगी ताकि लोगों के बीच पारस्परिक संपर्क को बढ़ावा दिया जा सके। इस आदान-प्रदान के माध्यम से यह परिकल्पना की गई है कि विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और प्रथाओं के ज्ञान से एक दूसरे के बीच समझ और लगाव को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। इससे देश की एकता और अखंडता मजबूत होगी। इसके लिए राज्यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों को उनके संगीत, नाटक, भोजन, भाषा, इतिहास, पर्यटन और लोगों के बीच आदान-प्रदान के अन्‍य तरीकों को शामिल करके जोड़ी बनाए गए राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ आपसी संबंधों की विस्तृत श्रृंखला शुरू करके सांस्‍कृतिक, शैक्षिक और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक मिशन शुरू करना है।