भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रविवार को म्यामां के मंडालाय में संपन्न बैडमिंटन एशियन जूनियर अंडर 17 और अंडर 15 वर्ग में पांच पदक जीतने में सफल रहे। भारत की मेघना रेड्डी और तसनीम मीर ने अंडर 15 वर्ग में लड़कियों के डबल्स वर्ग का खिताब जीता।
मेघना और तसनीम की जोड़ी ने अंडर-15 बालिका वर्ग में लड़कियों की डबल्स स्पर्धा के फाइनल में दक्षिण कोरिया की येओ जिन गोंग और डा येओन जेओंग की जोड़ी को सीधे गेमों में 23-21, 21-18 से मात देकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके अलावा मेइराबा लुआंग और अदिति भट्ट ने अंडर 17 वर्ग में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में कांस्य पदक जीते। एस शंकर मुथुस्वामी ने अंडर 15 लड़कों के एकल वर्ग में कांस्य पदक जीता। अंडर 15 वर्ग में प्रणव राव गंधाम और पी साई विष्णु की जोड़ी भी कांस्य पदक जीतने में सफल रही।