इंडोनेशिया के जकार्ता में खेले जा रहे एशियन पैरा गेम्स में गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और अनेक स्पर्द्धाओं में पदक हासिल किए। भारतीय तैराक संजय स्वप्निल पाटिल ने गुरुवार को पुरुषों की 400 मीटर फ्री स्टाइल एस-10 तैराकी स्पर्धा के फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा जेवलीन थ्रो एथलीट सुंदर सिंह गुर्जर ने भारत को रजत पदक दिलाया, वहीं इसी स्पर्धा में रिंकू ने कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुषों के 400 मीटर टी-13 वर्ग में अव्निल कुमार ने 52 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। भारतीय एथलीट जयंती बेहेरा ने रजत पदक अपने नाम किया। भारतीय महिला एथलीट राधा वेंकटेश ने 400 मीटर टी-12 स्पर्धा का कांस्य पदक जीत लिया। जयंती ने महिलाओं की 400 मीटर टीएफ-45/46/47 रेस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा के फाइनल में जयंती ने 59.71 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल पर अपना कब्जा जमा लिया। वहीं महिलाओं की 400 मीटर टी-12 स्पर्धा के फाइनल में राधा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।
भारत के आनंदन गुनाशेखरन ने 400 मीटर टी-44/62/64 रेस स्पर्धा को 53.72 सेकेंड में पूरा करते हुए रजत पदक जीता। इसके अलावा विनय कुमार ने 54.45 सेकेंड के समय में इस रेस को पूरा करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 400 मीटर टी-45/46/47 स्पर्धा के फाइनल में संदीप सिंह मान ने 50.07 सेकेंड का समय लेकर सीजन बेस्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं भारतीय एथलीटों ने पुरुषों की ऊंची कूद टी-42/63 स्पर्धा में स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक अपने नाम किए। भारत के शरद कुमार ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा इसी स्पर्धा में वरुण सिंह भाटी ने रजत पदक और मरियप्पन थंगावेलु ने कांस्य पदक जीता।