जापान के डायमंड प्रिंसेज क्रूजशिप में फंसे भारतीय लौटे भारत

जापान से एयर इंडिया के विमान के जरिये 124 लोगों को भारत लाया गया है, जिनमें 119 भारतीय नागरिक और 5 श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के नागरिक हैं। इन लोगों को कोविड-19 की वजह से जापान के योकोहामा में डायमंड प्रिंसेज क्रूजशिप पर अलग से रखा गया था।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने बताया कि जापान से लाये गये लोगों को मानेसर में सेना के शिविर में अलग रखा गया है। उन्होंने बताया कि डायमंड प्रिंसेस क्रूजशिप में सवार 138 भारतीय नागरिकों में से 122 भारतीय नागरिकों की हाल में पीसीआर जांच कराई गई, जिनमें से 119 भारतीयों की जांच निगेटिव पाई गई और उन्‍हें वापस भारत लाया गया, जबकि जांच में पॉजिटिव पाये गये तीन भारतीय नागरिकों ने भारत आने से मना कर दिया। अन्य 16 भारतीय नागरिकों का जापान के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
डॉ हर्षवर्धन ने बताया कि अब तक 4,787 उड़ानों से आए 4 लाख 82 हजार 927 यात्रियों की जांच की जा चुकी है। देश के 21 हवाई अड्डों, 12 प्रमुख बंदरगाहों एवं 65 छोटे बंदरगाहों और लैंडक्रॉसिंग खासकर भारत-नेपाल सीमा पर लगातार जांच चल रही है। दैनिक आधार पर आईडीएसपी नेटवर्क के जरिए सामुदायिक निगरानी के तहत यात्रियों की निगरानी की जाती है। अभी कुल 23 हजार 531 यात्री आईडीएसपी के माध्यम से सामुदायिक निगरानी में हैं। इसके अलावा, जांच के लिए भेजे गए 2,836 नमूनों में से, 2,830 निगेटिव पाए गए हैं। इनमें 3 नमूने केरल में पॉजिटिव पाए गए और अन्‍य 3 की जांच चल रही हैं। मानेसर और छावला के शिविरों में पहले से रखे गये सभी 645 लोगों को 18 फरवरी को छुट्टी दे दी गई है।