जापान में भारतीय समुदाय को पीएम मोदी ने किया संबोधित

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कोबे शहर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जापान और भारत समय के साथ मजबूत होते आ रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में यह मेरी जापान की चौथी यात्रा है। यात्राओं में जापान में भारत के प्रति एक आत्मीयता, एक अपनापन अनुभव किया। अपनी सभ्यता और अपने मूल्यों पर गर्व करना, टैलेंट और टेक्नोलॉजी को राष्ट्रनिर्माण का हिस्सा बनाना, ये मैंने जापान में प्रत्यक्ष अनुभव किया है।

उन्होंने कहा कि दोनों ने कार बनाने के लिये आपस में सहयोग की शुरुआत की थी और अब दोनों मिल कर बुलेट ट्रेन के निर्माण करने जा रहे हैं। जापान ने भारत के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि भारत अगले पांच साल में पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। ऐसे में द्विपक्षीय संबंध पहले से बेहतर होने वाले हैं। आज भारत का ऐसा कोई हिस्सा नहीं है जहां जापान की परियोजनाओं या निवेश ने अपना चिह्न नहीं छोड़ा है। इसी तरह भारत की प्रतिभा और श्रमबल ने जापान को मजबूत किया है।