तकनीकी खराबी से टला चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण

चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण तकनीकी खराबी के चलते टल गया है। रविवार एवं सोमवार की दरम्यानी रात 2 बजकर 51 मिनिट पर किया जाने वाला चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण को तकनीकी खामी की वजह से टाल दिया गया है। इसके प्रक्षेपण के लिए नई तारीख की घोषणा जल्दी ही की जाएगी।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट कर बताया कि प्रक्षेपण यान प्रणाली में टी-56 मिनट पर तकनीकी खामी दिखी। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण टाल दिया गया है। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
इसरो का कहना है कि सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपण के 20 घंटे पहले रविवार सुबह 6:51 बजे चंद्रयान प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू की गई थी। जीएसएलवी मार्क-3 के हिस्सों में ईंधन भरकर तैयार किया था। आधी रात 1:34 बजे हाइड्रोजन भी भरना शुरू हो गया था। अचानक तकनीकी खामी के चलते प्रक्रिया रोक दी गई। स्वदेशी तकनीक से निर्मित चंद्रयान-2 में कुल 13 पेलोड हैं। आठ ऑर्बिटर में, तीन पेलोड लैंडर विक्रम और दो पेलोड रोवर प्रज्ञान में हैं। पाँच पेलोड भारत के, तीन यूरोप, दो अमेरिका और एक बुल्गारिया के हैं।