दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत ने जीता एफआईएच का खिताब

ओड़िसा के भुवनेश्वर में खेले गए एफआईएच सीरीज के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-1 गोल से हराकर खिताब जीत लिया।
शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से मात दे दी, भारत के लिए वरुण कुमार, हरमनप्रीत कौर और विवेकसागर प्रसाद सिंह ने गोल किए।
भारत के लिए वरुण ने दूसरे मिनट में ही गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। हरमनप्रीत ने 11वें मिनट में गोल कर बढ़त को दोगुना और फिर 25वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक पर एक और गोल कर तीन गुना कर दिया। वहीं 35वें मिनट में विवेक सागर ने भारत के खाते में गोल डाला। 49वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और वरुण ने अपना दूसरा और टीम के लिए पाँचवां गोल किया। दक्षिण अफ्रीका ने अपना एकमात्र गोल 53वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से किया।
भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और 5 में से 5 मुकाबले जीते। ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम ने रूस को 10-0, पोलैंड को 3-1 और उज़्बेकिस्तान को 10-0 से हराया था। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने जापान को 7-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।