देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है रंगोत्सव, प्रधानमंत्री ने दी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं

होलिका दहन के साथ ही देशभर में रंगों का त्यौहार उमंग, उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। भोर के साथ ही देश का-कण रंगीन हो गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरीके से रंगोत्सव मनाया जा रहा है, लेकिन सबका उद्देश्य एक ही है कि लोगों के मन से बुराई, वैमनस्य और शत्रुता का दहन हो तथा प्रेम, भाईचारा एवं दोस्ती के रंग पक्के हों। देश के हर एक हिस्से में होली की धूम है, कहीं फूलों की होली खेली जा रही है तो कहीं लोग गुलाल और अबीर के रंगों से सराबोर हैं।
रंगोत्सव के अवसर लोग आपसी गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर बधाई दे रहे हैं। वहीं कृष्ण की नगरी ब्रज में होली की धूम है। ब्रज के हर मंदिर में बुधवार से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग यहां पहुंचे हैं। बरसाना हो या फिर नंदगांव हर जगह होली की धूम है। इसके अलावा सोशल मीडिया में भी लोग एक दूसरे को होली की बधाई दे रहे हैं। होली का त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व पर बिना किसी भेदभाव के लोग एक दूसरे रंग-गुलाल लगाकर खुशियां बांटते हैं। रंगोत्सव को सामाजिक समरसता का भी प्रतीक माना जाता है।
होली पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सहित सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों होली की बधाई देते हुए एक ट्वीट कर कहा है कि रंग, उमंग और आनंद के त्योहार होली की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। यह पर्व सभी देशवासियों के जीवन में खुशियों लेकर आए।