पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी का निधन

14वीं लोकसभा के अध्यक्ष रहे और 10 बार सांसद रहे सोमनाथ चटर्जी का 89 साल की उम्र में आज निधन हो गया। वे कई दिनों से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। वे गुर्दे से संबंधित बीमारी से पीड़ित थे। तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें 10 अगस्त को कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। माकपा के पूर्व नेता सोमनाथ चटर्जी 10 बार लोकसभा के सांसद रह चुके हैं। वह कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार में 2004 से 2009 तक लोकसभा के अध्यक्ष रहे।
माकपा के पूर्व नेता सोमनाथ चटर्जी 10 बार लोकसभा के सांसद रहे। वे पश्चिम बंगाल के बर्धमान, जादवपुर और बोलपुर से लोकसभा सांसद रह चुके थे। कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए-1 सरकार में 2004 से 2009 तक लोकसभा के अध्यक्ष रहे, हालांकि, 1984 में जादवपुर में ममता बनर्जी से उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें 1996 में सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार मिल चुका है। यूपीए-1 शासनकाल में उनकी पार्टी सीपीएम की ओर से सरकार से समर्थन वापस लिए जाने के बाद उनसे स्पीकर पद छोड़ने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। जिस कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। चटर्जी सीपीआई-एम के केंद्रीय समिति के सदस्य रहे। सोमनाथ चटर्जी का जन्म 25 जुलाई 1929 को बंगाली ब्राह्मण निर्मलचन्द्र चटर्जी और वीणापाणि देवी के घर में असम के तेजपुर में हुआ था। उनके पिता एक वकील और राष्ट्रवादी हिन्दू जागृति के समर्थक थे। उनके पिता अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के संस्थापकों में से एक थे।