प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया गया चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड प्रवासी भारतीय केंद्र में संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने प्रदान किया। पीएम मोदी को यह अवॉर्ड देने की घोषणा 26 सितंबर को गई थी। उन्‍हें फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्‍त रूप से यह अवॉर्ड दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी को यह अवॉर्ड पर्यावरण के क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है। उन्‍हें सतत विकास, जलवायु परिवर्तन पर अनुकरणीय नेतृत्व और सकारात्मक कदम उठाने के लिए यह अवॉर्ड दिया गया है। उन्‍हें यूएन का यह सर्वोच्‍च पर्यावरण पुरस्‍कार भारत को 2022 तक एकल इस्तेमाल वाले प्लास्टिक से मुक्त कराने के संकल्प और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के कुशल नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया है। अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भारत की सवा सौ करोड़ जनता की प्रतिबद्धता का सम्मान है। यह भारत की उस नित्य नूतन, चिर पुरातन परंपरा का सम्मान है, जिसने प्रकृति में परमात्मा को देखा और जिसने सृष्टि के मूल में पंचतत्व के अधिष्ठान का आह्वान किया है।