राष्ट्रपति ने दी देश के नए मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति को मंजूरी

केंद्र सरकार ने सुधीर भार्गव को देश का नया मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) नियुक्त किया है। इसके अलावा केंद्रीय सूचना आयोग में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति भी की गई है। केंद्रीय सूचना आयोग में फिलहाल तीन सूचना आयुक्त हैं और नई नियुक्ति के बाद इनकी संख्या सात हो जाएगी। आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त समेत 11 पद स्वीकृत हैं।
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व आइएफएस अधिकारी यशवर्धन कुमार सिन्हा, पूर्व आइआरएस अधिकारी वनजा एन सरना, पूर्व आइएएस अधिकारी नीरज कुमार गुप्ता और पूर्व विधि मामलों के सचिव सुरेश चंद्र को केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। जानकारी के अनुसार यशवर्धन कुमार सिन्हा ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त रह चुके हैं। आयोग की एकमात्र महिला सदस्य वनजा एस सरना केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग की प्रमुख थीं। नीरज गुप्ता निवेश एवं सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग में सचिव रह चुके हैं। वहीं भारतीय विधि सेवा अधिकारी सुरेश चंद्र इस साल केंद्रीय विधि सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे 2002 और 2004 के बीच तात्कालीन कानून मंत्री अरुण जेटली के निजी सचिव भी रहे चुके हैं।