लोकप्रिय फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

बॉलीवुड के रोमांटिक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। उन्हें बुधवार को ही मुंबई के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करवाया गया था। आज सुबह 8:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर 67 साल के थे और कैंसर से पीड़ित थे।
बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने गुरुवार को ट्वीट कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि वो गया। ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट गया हूँ।
कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी निधन की जानकारी दी। ऋषि कपूर को बुधवार उनके परिवार ने एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया था।
बुधवार रात को ऋषि कपूर को सांस लेने में तकलीफ आई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल में ऋषि की पत्नी नीतू सिंह, भाई रणधीर कपूर समेत परिवार के अन्य लोग मौजूद थे।
कपूर खानदान की ओर से संदेश जारी कर बताया गया कि गुरुवार सुबह 8:45 बजे ऋषि कपूर ने अंतिम सांस ली। वो ल्यूकेमिया नामक बीमारी से पिछले 2 साल से लड़ रहे थे। अस्पताल ने उनके लिए आखिरी दम तक कोशिश की।