हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया

पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया। भारत ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। मैच के पहले हाफ में सिर्फ एक ही गोल हुआ, लेकिन अंतिम 10 मिनट में भारत ने 3 लगातार गोल दागकर मैच 4-0 से जीत लिया। भारत की तरफ से रमनदीप सिंह ने पहला गोल किया। दूसरा हाफ खत्म होने के बाद भारत ने दूसरा गोल किया। यह गोल दिलप्रीत सिंह ने दिलाया। खेल खत्म होने में जब 3 मिनट से भी कम वक्त बचा था, तब मंदीप सिंह ने तीसरा गोल किया। अंतिम पलों में चौथा और आखिरी गोल ललित की स्टिक से आया।
मैच के पहले हाफ के 10वें मिनट में रमनदीप ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद पाकिस्तान की टीम नई रणनीति के साथ मैदान में उतरी और उसने एक गोल भी कर दिया, लेकिन भारत की रिव्यू की अपील के बाद रेफरी ने इसे गोल नहीं दिया गया और भारत 1-0 से आगे रहा। दूसरे हाफ के अंतिम समय मे भारतीय टीम ने गोलों की झड़ी लगा दी। पहले दिलप्रीत ने शानदार गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मैच में चार मिनट शेष रहते मनदीप सिंह ने गोल कर पाकिस्तान को 3-0 से पीछे कर दिया। मैच के आखिरी मिनट में रमनदीप के पास को ललित उपाध्याय ने फ्लिक कर गोल में पहुंचा दिया और भारत ने 4-0 से मैच अपने नाम कर लिया।