18वें एशियाई खेलों का रंगारंग शुभारंभ

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 18वें एशियाई खेलों का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ किया गया। जकार्ता के जीकेजी स्टेडियम में शनिवार को 18वें एशियाई खेलों की आधिकारिक शुरुआत की घोषणा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने की। इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के साथ ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के अध्यक्ष अहमद अल-फहाद अल-अहमद अल-सबाह भी मौजूद थे। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ 1500 कलाकारों ने एक साथ पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर किया। इसके पूर्व इंडोनेशिया 1962 में भी एशियाई खेलों की मेजबानी कर चुका है, इसलिए उसने पुरानी यादों को भी ताजा करते हुए ऑडियो-वीडियो प्रस्तुत किए। इसके बाद झंडा फहराने की सेरेमनी हुई।
एशियाई खेल में हिस्सा ले रहे 45 देशों में सबसे पहले मार्च पास्ट करने का मौका अफगानिस्तान को मिला। इसके बाद बहरीन, बांग्लादेश, भूटान, ब्रूनो दारुसलाम, कंबोडिया, चीन, हांगकांग के खिलाड़ी आए। चीन और हांगकांग के बाद भारत नौवें पर आया। भारतीय दल की अगुआई जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने की। 18वें एशियाई खेलों में 45 देशों के करीब 10,000 खिलाड़ी भाग रहे हैं। इनमें भारत के 571 एथलीट्स 36 खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस बार एशियाई खेल में 10 नए खेल शामिल किए गए।