भारत के पूर्वोत्तर में बसा छोटा सा राज्य सिक्किम दुनिया का पहला शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट बन गया है। गुरुवार को खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने कृषि तंत्र और सतत खाद्य प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए सिक्कम को सर्वश्रेष्ठ नीतियों का ऑस्कर पुरस्कार दिया है। सिक्कम भारत का पहला ऐसा राज्य है जहां शत-प्रतिशत जैविक खेती की जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 25 देशों की 51 नामित नीतियों को पीछे छोड़ते हुए सिक्किम ने यह पुरस्कार जीता है। ब्राजील, डेनमार्क और क्विटो (इक्वाडोर) ने रजत पुरस्कार जीता।

16 मई 1975 को भारतीय गणराज्य में जुड़े इस राज्य में पिछले 25 साल से पवन चामलिंग की सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट का शासन है। 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम को देश का पहला ऑर्गेनिक स्टेट घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), वर्ल्ड फ्यूचर काउंसिल (डब्ल्यूएफसी) और गैर लाभकारी संगठन आईएफओएएम-ऑर्गेनिक इंटरनेशनल मिलकर यह पुरस्कार देते हैं। सिक्किम लंबे समय तक मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण, स्वस्थ जीवन और हृदय संबंधी बीमारियों के बढ़ते खतरे को कम करने के मकसद से 2003 में जैविक कृषि अपनाने की आधिकारिक रूप से घोषणा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया था।